क्रिकेट

दलीप ट्रॉफी के पहले दौर पर चोटों ने लगाया ग्रहण, कई स्टार खिलाड़ियों का खेलना संदिग्ध

दलीप ट्रॉफी का आगाज गुरुवार को होने जा रहा है लेकिन स्टार खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से टूर्नामेंट के पहले दौर का रोमांच थोड़ा फीका पड़ता जा रहा है। जानिए कौन से खिलाड़ी हुए चोटिल, जिनका पहले दौर में खेल पाना है संदिग्ध?

Image

इशान किशन (साभार Ishan Kishan Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • ईशान किशन हुए दलीप ट्रॉफी के पहले मैच से बाहर
  • बुची बाबू टूर्नामेंट के दौरान हुए थे चोटिल
  • सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद सिराज भी हो चुके हैं बाहर

बेंगलुरु: विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का हैमस्ट्रिंग चोट के कारण गुरुवार को दलीप ट्राफी के पहले दौर में खेलना संदिग्ध लग रहा है। किशन को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारत डी में शामिल किया गया है जो पहले दौर में अनंतपुर में भारत सी से भिड़ेगी। पता चला है कि किशन को हाल में कोयंबटूर में बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट में झारखंड के लिए खेलते हुए चोट लग गई थी। संजू सैमसन को उनकी जगह शामिल करने की बात भी चल रही थी लेकिन पूरी उम्मीद है कि केएस भरत पहले दौर में भारत डी के लिए विकेटकीपिंग करेंगे। किशन अभी तक अनंतपुर नहीं पहुंचे हैं।

सूर्या और प्रसिद्ध कृष्णा भी हो चुके हैं बाहर

भारत ए के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा इस साल के शुरू में हुई सर्जरी से उबर रहे हैं और वह भी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत बी के खिलाफ होने वाले पहले दौर के मुकाबले में नहीं खेल पायेंगे। कई मुख्य खिलाड़ी चोटों के कारण दलीप ट्राफी में नहीं खेल रहे हैं। इससे पहले सूर्यकुमार यादव बुची बाबू टूर्नामेंट में मुंबई के लिए खेलते हुए लगी हाथ में चोट के कारण पहले दौर का मैच नहीं खेलेंगे।

सिराज और उमरान मलिक हुए बीमार

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक भी बीमार होने के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे जबकि आल राउंडर रविंद्र जडेजा को भारत बी ने रिलीज कर दिया है लेकिन इसका कारण पता नहीं है। तेज गेंदबाज नवदीप सैनी भारत बी में सिराज की जगह लेंगे जबकि पुडुचेरी के तेज गेंदबाज गौरव यादव भारत सी में मलिक के स्थान पर उतरेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article