क्रिकेट

WI vs PAK: सीरीज में पिछड़ रही पाकिस्तान की टीम को लगा करारा झटका, शान मसूद दूसरे टेस्ट से हुए बाहर

Pakistan Batsman Shan Masood Ruled Out Of WI vs PAK 2nd Test: वेस्टइंडीज-पाकिस्तान के बीच WTC के तहत चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान पहला टेस्ट मैच हारकर पहले ही पिछड़ गया है। अब दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तानी टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। उनके स्टार बल्लेबाज शान मसूद दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे।

Image

शान मसूद

Photo : AP

WI vs PAK Test Series 2026: पाकिस्तान और मेजबान वेस्टइंडीज के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान पहला टेस्ट मैच हारकर पहले ही 0-1 से पिछड़ गया है। अब दूसरे टेस्ट मैच से पहले मेहमान पाकिस्तानी टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाक बल्लेबाज शान मसूद बाहर हो गए हैं। उंगली में चोट के कारण उनका बाहर होना पाकिस्तान के लिए सीरीज बराबर करने की उम्मीदों को झटका देने वाला है।

शान मसूद को यह चोट त्रिनिदाद में कैरेबियाई टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान लगी थी। पाकिस्तान की पहली पारी में वेस्टइंडीज के गेंदबाज जेडन सील्स की एक गेंद उनकी उंगली पर लगी थी। उस मैच में वेस्टइंडीज ने 90 रन से जीत हासिल की थी। पहले टेस्ट में शान ने 109 और 3 रन बनाए थे। शान ने 47 टेस्ट मैचों की 90 पारियों में 31.06 की औसत से 2,765 रन बनाए हैं। इसमें सात शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 156 रन है।

सीरीज का दूसरा मैच रविवार को क्वींस पार्क ओवल में शुरू होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह भी पुष्टि की है कि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के शुरुआती मैचों में खेलना भी संदिग्ध है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक बयान में कहा, "पाकिस्तान के टेस्ट बल्लेबाज शान मसूद वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्हें त्रिनिदाद में ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी थी। स्कैन और क्लिनिकल जांच के बाद, शान का इलाज अभी पाकिस्तान टीम का मेडिकल पैनल कर रहा है।"

बयान में आगे कहा गया, "लीड्स में 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता उनके ठीक होने और क्लिनिकल प्रोग्रेस पर निर्भर करेगी। इस बीच, वह टीम के साथ ही रहेंगे।" वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान की बल्लेबाजी ही उनकी हार का कारण बनी थी। दूसरे मैच के लिए मसूद की जगह लेने या किसी अन्य बदलाव की जरूरत पड़ने पर चयनकर्ताओं के पास तीन विकल्प मौजूद हैं।

शान की जगह कौन लेगा?

पहले टेस्ट से पहले पीठ की चोट के कारण अब्दुल्ला फजल के सीरीज से बाहर होने पर अनुभवी अब्दुल्ला शफीक और सऊद शकील को टीम में शामिल किया गया था और अब शान मसूद की भरपाई के लिए उन पर विचार किया जाएगा। वहीं, बिना टेस्ट खेले दाएं हाथ के बल्लेबाज अवैस जफर भी डेब्यू करने की दौड़ में हैं। पाकिस्तान अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में नौवें स्थान पर है, जो वेस्टइंडीज से एक पायदान नीचे है। दूसरा टेस्ट मैच 2 से 6 अगस्त के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article