क्रिकेट

'नहीं, सच कहूं तो...', गेंदबाजों ने डुबोई लुटिया तो झल्लाए ईशान किशन, हार के बाद जमकर निकाली भड़ास

आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 का स्कोर बनाया था, लेकिन ऑरेंज आर्मी इसे डिफेंड नहीं कर पाई। गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए और मात्र चार ही विकेट निकला सके। हार के बाद ईशान किशन ने गेंदबाजों की क्लास लगाई।

Image

ईशान किशन हुए नाराज। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

सनराइजर्स हैदराबाद को एक और मैच में हार का सामना करना पड़ा। इस हार का कारण एक बार फिर गेंदबाज बने। पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए बल्लेबाजों ने मेहनत करके 219 रन बोर्ड पर लगाए। हालांकि, गेंदबाजों ने 30 से ज्यादा रन लुटाए। हैदराबाद ने सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन, केवल एक ही गेंदबाज तीन विकेट ले सका।

मैच गंवाने के बाद कप्तान ईशान किशन निराश और गुस्से में दिखे। उन्होंने मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा कि गेंदबाजों के पास एक टोटल था, जिसे डिफेंड करना था। उन्होंने आगे कहा कि अगर गेंदबाज सही एरिया में गेंदबाजी नहीं करते हैं तो मिडिल ओवर्स में रन रोक नहीं पाते हैं।

'एक शानदार स्कोर था'

ईशान किशन ने कहा, जिस तरह हमने शुरुआत की थी, हम 250 तक पहुंच सकते थे। पावरप्ले में PBKS ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन हमारी एग्जीक्यूशन अच्छी नहीं रही। T20 क्रिकेट में सबसे जरूरी चीज है अपनी अच्छी गेंदों को सही तरह से डाला जाए। यहां 190 एक पार स्कोर है, हम 240 तक जा सकते थे। लेकिन 220 भी एक शानदार स्कोर था। हमारे पास छह या सात गेंदबाज थे। उनकी बल्लेबाजी में साफ दिखा कि उनके लिए रन बनाना आसान था।

'आपके पास कुछ नहीं बचता'

किशन ने आगे कहा, मुझे लगता है आज के दौर में ज़्यादा प्लानिंग की जरूरत नहीं होती, आपको गेम से आगे रहना होता है। आपको पता होता है कि कौन बल्लेबाज कहां शॉट खेलता है। जब आप सही एग्जीक्यूशन नहीं करते, तो आपके पास कुछ नहीं बचता और आप 10 से 20 रन अतिरिक्त दे देते हैं।

'गेंदबाजों के पास स्कोर'

200 से ज्यादा स्कोर सुरक्षित नहीं होने पर कहा, नहीं, सच कहूं तो हम इतना नहीं सोचते। क्रिकेट सिंपल है। गेंदबाजों के पास एक टोटल होता है, जिसे डिफेंड करना होता है। अगर आप सही एरिया में गेंदबाजी नहीं करते, तो मिडिल ओवर्स में रन रोक नहीं पाते।

गेंदबाजों ने डुबोई लुटिया

मैच में अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने मिलकर 5.5 ओवर में 100 रन जोड़े। वहीं, टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब ने भी 6 ओवर में 93 रन बनाए। हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट और हर्ष दूबे ने शुरू में खूब रन लुटाए। शिवांग ने प्रभसिमरन, प्रियांश आर्य का विकेट लेकर टीम को वापसी का मौका बनाया लेकिन अन्य गेंदबाजों से कोई मदद नहीं मिली।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article