क्रिकेट

Australian Open Final: अल्काराज या जोकोविच, ईशान और अर्शदीप किसे चैंपियन बनाना चाहते हैं?

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में मेंस एकल फाइनल का स्टेज तैयार है। रविवार को फाइनल मुकाबला 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच और अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की कोशिश में जुटे स्पेन के कार्लोस अल्काराज के बीच होना है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी-अपनी पसंद का खुलासा किया है।

Image

जोकोविच और अल्कराज के बीच फाइनल मुकाबला। फोटो- एपी

तिरुवनंतपुरम, आईएएनएस। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में मेंस एकल फाइनल का स्टेज तैयार है। रविवार को फाइनल मुकाबला 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच और अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की कोशिश में जुटे स्पेन के कार्लोस अल्काराज के बीच होना है। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने फाइनल मुकाबले में कार्लोस अल्काराज का समर्थन किया है।

बीसीसीआई द्वारा एक्स पर शेयर एक वीडियो में ईशान किशन ने कहा, 'मैं निजी तौर पर चाहता हूं कि अल्काराज जीते क्योंकि मुझे लगता है कि वह जिस तरह से खेलता है, वह काफी हद तक हमारे खेलने के तरीके जैसा है। वह थोड़ा तेज है। जब भी कोई गैप होता है, तो वह उसे हिट करने की कोशिश करता है। वह देखता नहीं है, सब्र नहीं दिखाता है।'

किशन ने बताई खूबी

किशन का मानना है कि अल्काराज का आक्रामक खेल और मौकों को भुनाने की इच्छा उसे बड़े मैचों में एक रोमांचक खिलाड़ी बनाती है। जोकोविच जैसे अनुभवी चैंपियन के खिलाफ भी वह बेहद असरदार है। भारतीय विकेटकीपर ने कहा कि अल्काराज अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए मैं उनके पक्ष में हूं।

अर्शदीप सिंह ने किया इस खिलाड़ी का समर्थन

वहीं, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के विजेता को लेकर अलग सोच है। अर्शदीप चाहते हैं कि नोवाक जोकोविच खिताब जीते। अर्शदीप ने कहा कि मैं आइसमैन (जोकोविच) को सपोर्ट कर रहा हूं।

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का फाइनल दो पीढ़ियों के बीच एक बड़ा मुकाबला है, जिसमें अल्काराज और जोकोविच दोनों अपने-अपने ऐतिहासिक मुकाम को हासिल करने की कोशिश में हैं। मेलबर्न में जीत से 22 साल के स्पेन के इस खिलाड़ी का करियर का ग्रैंड स्लैम पूरा हो जाएगा।

इतिहास रचने के करीब दोनों खिलाड़ी

वह फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन जीत चुके हैं। ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतते हीं वह सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। स्पेन के ही राफेल नडाल ने 24 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। अल्काराज नडाल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

जोकोविच के लिए ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की जीत उनके लिए 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब होगी। इस जीत के साथ ही वह मेंस या महिला हर वर्ग में सबसे सफल टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article