क्रिकेट

टी20 में वापसी के इरादे से आईपीएल को यादगार बनाने के फिराक में यशस्वी जायसवाल

IPL 2025: आईपीएल 2025 में यशस्वी जायसवाल एक खास प्लानिंग के साथ उतरेंगे। जायसवाल के कोच ज्वाला सिंह ने इसपर प्रतिक्रिया दी। 23 वर्षीय बल्लेबाज भारतीय टेस्ट टीम का अभिन्न अंग है लेकिन टी20 क्रिकेट में उन्हें संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

Image

यशस्वी जायसवाल (साभार-X)

IPL 2025: यशस्वी जायसवाल के बचपन के कोच ज्वाला सिंह का मानना है कि अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत की टीम में फिर से जगह बनाने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का शनिवार से शुरू होने वाला सत्र इस सलामी बल्लेबाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। यह 23 वर्षीय बल्लेबाज भारतीय टेस्ट टीम का अभिन्न अंग है लेकिन टी20 क्रिकेट में उन्हें संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

अगला टी20 विश्व कप फरवरी मार्च 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। ज्वाला सिंह ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘उसने भारत की तरफ से कई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उसने अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं लेकिन पिछली दो तीन श्रृंखलाओं से उन्हें विश्राम दिया गया है। मैं यह कह सकता हूं।’’

उन्होंने कहा,‘‘‘लेकिन मेरा मानना है कि इस आईपीएल में उन्हें (टी20 विश्व कप की टीम में जगह पक्की करने का) मौका मिलेगा क्योंकि इसमें कई मैच खेले जाएंगे और सभी मैच काफी दबाव वाले होंगे।’’ जायसवाल ने भारत की तरफ से अभी तक 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 723 रन बनाए हैं।

ज्वाला सिंह ने कहा , ‘‘आईपीएल का प्रदर्शन भारतीय टीम में जगह बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है। इसलिए उसके पास मौका होगा क्योंकि 2023 में भी उसमें आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के दम पर ही भारतीय टीम में जगह बनाई थी। यह नई शुरुआत है और अगर वह अच्छा प्रदर्शन करता है तो इससे उसे भारतीय टीम में वापसी करने में मदद मिलेगी।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article