क्रिकेट

SRH vs CSK: क्या आज का मैच खेलेंगे धोनी? टीम के साथ हैदराबाद पहुंचे हैं माही

आईपीएल 2026 में शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। हालांकि, जिसकी चर्चा सबसे ज्यादा है वो है शाम को खेले जाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला। फैंस को एमएस धोनी की वापसी का इंतजार है। धोनी सीएसके के साथ हैदराबाद गए हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या धोनी आज का मुकाबला खेलेंगे?

Image

एमएस धोनी आज का मैच खेलेंगे? फोटो- IPL/BCCI

क्या एमएस धोनी शनिवार शाम को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होने वाले मुकाबले खेलेंगे? यह सवाल हर क्रिकेट फैंस का है। भले ही अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन धोनी के टीम के साथ हैदराबाद पहुंचने पर इसकी संभावना काफी बढ़ गई है।

जब टीम हैदराबाद एयरपोर्ट पर पहुंची तब फैंस धोनी की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। सीएसके ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि फैंस उनका नाम चिल्ला रहे हैं। धोनी के हैदराबाद पहुंचने से फैंस को उम्मीद है कि वह आज का मुकाबला खेलेंगे।

क्या आज का मैच खेलेंगे धोनी?

हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, धोनी आज का मुकाबला नहीं खेलेंगे। चोट से उबर रहे धोनी का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलने की उम्मीद नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी वापसी अब ज्यादा दूर नहीं है। वह 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ या 26 अप्रैल को MA चिदंबरम स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं।

काफ स्ट्रेन इंजरी के चलते रिहैब पर धोनी

धोनी इस समय काफ स्ट्रेन इंजरी के चलते रिहैब पर हैं। आईपीएल 2026 में सीएसके के पहले पांचों मुकाबले से बाहर रहे। उन्होंने घर के बाहर मुकाबलों के लिए CSK के साथ गुवाहाटी और बेंगलुरु की यात्रा भी नहीं की। वह CSK के मुकाबलों के दिन चेपॉक भी नहीं गए थे।

नेट सेशन में लिया था हिस्सा

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबले की पूर्व संध्या पर उन्होंने टीम के नेट सेशन के अंतिम चरण में थोड़ी देर के लिए अभ्यास किया था, लेकिन इस दौरान उन्होंने सिर्फ थ्रोडाउन का ही सामना किया था। CSK ने सीजन की शुरुआत लगातार तीन हार से की थी लेकिन उन्होंने अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article