क्रिकेट

IPL 2026: विराट ने आरसीबी से'चार्टर्ड फ्लाइट'की मांग वाली रिपोर्ट तोड़ी चुप्पी, वायरल हुआ रिएक्शन

विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के दौरान भारत और यूके के बीच चार्टर प्लेन की डिमांड वाली रिपोर्ट पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। विराट का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

Image

विराट कोहली (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: एक फर्जी रिपोर्ट में कहा गया था कि विराट कोहली ने भारत से लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की मांग के साथ आईपीएल 2026 के बीच घर जाने की इच्छा जताई है। इस रिपोर्ट को दिग्गज बल्लेबाज ने हंसकर टाल दिया है। 'वर्ल्डइनलास्ट24आर्स' नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई इस रिपोर्ट में कहा गया था कि कोहली ने कथित तौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) मैनेजमेंट से भारत और लंदन के बीच चार्टर्ड फ्लाइट की सुविधा मांगी है। इसके साथ कहा गया था कि आईपीएल 2026 के दौरान जब दो मुकाबलों के बीच तीन दिन से ज्यादा का अंतर होगा, तो कोहली यूके जाना चाहेंगे और अगले मैच से ठीक पहले वापस आ जाएंगे।

विराट ने सिरे से खारिज की रिपोर्ट

हालांकि, आरसीबी के पूर्व कप्तान ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज कर दिया। कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अब डिलीट हो चुकी उस पोस्ट का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते कुछ 'हंसने वाले' इमोजी भी लगाए। ऊपर बताए गए इंस्टाग्राम हैंडल ने बताया कि कोहली के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने के बाद उनका अकाउंट क्रैश हो गया था। उन्होंने अपने एनालिटिक्स का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा,'विराट कोहली की स्टोरी के बाद हमारा अकाउंट क्रैश हो गया।'

टीम को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए विराट ने किया प्रोत्साहित

इससे पहले, कोहली ने टीम के पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के एक छोटे ग्रुप को संबोधित किया और आगामी हफ्तों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कोहली ने अपने साथियों से कहा, "हमने पिछले दो-तीन सीजन में बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि हम वह हासिल कर सकें जो हमने पिछले साल किया था। और अब यह और भी मुश्किल होने वाला है, क्योंकि दूसरी टीमें भी हमारे खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी।'

हमें अगले ढाई महीने में देना होगा अपना 120 प्रतिशत

आईपीएल में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में शीर्ष पर मौजूद भारत के पूर्व कप्तान ने पहले ही दिन से पूरी तत्परता पर जोर देते हुए कहा,'हम इन दिनों को बर्बाद नहीं करेंगे। हम सबसे आगे रहेंगे। इसलिए, अब पूरी तरह से तैयार हो जाओ। हम जिस भी सेशन का हिस्सा हैं, उसका एक भी मिनट बर्बाद नहीं करेंगे। हमें इन ढाई महीनों में अपना 120 प्रतिशत देना होगा।'

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article