दुनिया

'पुतिन और जेलेंस्की के बीच नफरत ही असली रुकावट', चीन में पुतिन से मुलाकात के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप

चीन के शेनजेन में एपेक सम्मेलन के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। ट्रंप ने कहा कि पुतिन युद्ध खत्म करना चाहते हैं, लेकिन जेलेंस्की और पुतिन के बीच नफरत समझौते में बड़ी रुकावट है।

Image

ट्रंप बोले- 'कूटनीतिक रास्ते से शांति के आसार' (फाइल फोटो)

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि रूस और यूक्रेन के बीच पिछले लगभग पांच वर्षों से जारी युद्ध का समाधान कूटनीतिक बातचीत के जरिए संभव है। चीन के शेनजेन में एपेक (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई ऐतिहासिक बैठकों के बाद शुक्रवार को ट्रंप ने यह बयान दिया। हालांकि, ट्रंप ने स्वीकार किया कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच जारी गहरे व्यक्तिगत तनाव और नफरत के कारण किसी अंतिम शांति समझौते तक पहुंचना बेहद कठिन काम है।

"पुतिन युद्ध का कूटनीतिक अंत चाहते हैं": डोनाल्ड ट्रंप

शुक्रवार को एपेक नेताओं को संबोधित करने के बाद ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई द्विपक्षीय बातचीत का ब्योरा साझा करते हुए कूटनीतिक कोशिशों को रेखांकित किया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि "मैंने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की, जिन्होंने स्पष्ट रूप से कूटनीतिक माध्यमों से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने की इच्छा व्यक्त की। मैंने हमारे प्रतिनिधियों से भी बात की जो अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन यह बहुत कठिन काम है। असली समस्या यह है कि राष्ट्रपति जेलेंस्की और राष्ट्रपति पुतिन के बीच जबरदस्त नफरत है, और ऐसी स्थिति में रास्ता निकालना कभी आसान नहीं होता।" मुश्किलों के बावजूद ट्रंप ने आशावादी रुख अपनाते हुए कहा, "लेकिन हमारी बहुत अच्छी बातचीत हो रही है। मुझे लगता है कि एक वास्तविक अच्छा मौका है कि हम इसे अंजाम तक पहुंचा सकते हैं।"

"अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता"

ट्रंप ने प्रेस वार्ता के दौरान यह भी दावा किया कि खुद पुतिन ने उनसे बातचीत के दौरान स्वीकार किया कि यदि उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होते, तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता। ट्रंप ने दावा किया कि इस युद्ध में हर महीने लगभग 25,000 सैनिक मारे जा रहे हैं। ट्रंप ने एक बार फिर इस पूरे संघर्ष का दोष अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2020 पर मढ़ा, जिसे वे लगातार धांधली से भरा बताते रहे हैं। हालांकि, इन सकारात्मक बातों के बावजूद समिट से यूक्रेन के लिए किसी औपचारिक शांति समझौते का ऐलान नहीं हो सका। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, शिखर सम्मेलन खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद रूस की ओर से यूक्रेन पर बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया गया।

अमेरिका, रूस और चीन के बीच ऐतिहासिक त्रिपक्षीय परमाणु घोषणा पत्र

शेनजेन शिखर सम्मेलन का एक प्रमुख हासिल अमेरिका, रूस और चीन के बीच हस्ताक्षरित त्रिपक्षीय घोषणा पत्र रहा। पहली बार तीनों महाशक्तियों ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया कि परमाणु युद्ध कभी नहीं जीता जा सकता और इसे कभी लड़ा भी नहीं जाना चाहिए। इतिहास में पहली बार चीन ने परमाणु जोखिमों और खतरों को कम करने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित करने पर अपनी सहमति व्यक्त की। हालांकि, इस घोषणा पत्र में परमाणु हथियारों के जखीरे को कम करने की कोई समयसीमा या बाध्यकारी प्रतिबद्धता शामिल नहीं की गई है।

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त चेतावनी

त्रिपक्षीय वार्ता से इतर बोलते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अपने कड़े रुख को दोहराया। ट्रंप ने ईरान पर कहा कि "हमने पूरे ग्रह पर परमाणु खतरे के प्रसार को रोकने के लिए सहयोग की आवश्यकता पर बात की। विशेष रूप से, हमने यह सुनिश्चित करने पर विस्तार से बात की कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हो। वे पागल हैं, हम उन्हें कभी भी परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे।" ये बात ध्यान देने की है कि तीनों देशों द्वारा जारी संयुक्त घोषणा पत्र में सीधे तौर पर ईरान का उल्लेख नहीं था, लेकिन ट्रंप ने सार्वजनिक संबोधन में तेहरान को अपनी तरफ से यह सख्त संदेश दिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article