IPL 2026, SRH vs LSG Match Preview: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में आज (5 अप्रैल 2026) सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ंत हो रही है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करके लखनऊ सुपर जायंट्स की निगाह इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज करने पर होगी। वहीं हैदराबाद की टीम अपने घरेलू मैदान पर सत्र के पहले मैच में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां होने वाले मैच में अगर जीत दर्ज करनी है तो उसके बल्लेबाजों को अहम भूमिका निभानी पड़ेगी। सनराइजर्स की टीम ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 65 रन से हराया था जिससे वह अपने घरेलू मैदान पर सत्र के पहले मैच में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।
इस बार भी LSG का अभियान नहीं रहा अच्छा
अपने पहले दो सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाने के बावजूद संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली एलएसजी की टीम पिछले कुछ वर्षों से खराब प्रदर्शन कर रही है। इस बार भी उसका अभियान अच्छा नहीं रहा है। जस्टिन लैंगर की कोचिंग वाली टीम में ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श, दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम, कप्तान ऋषभ पंत और विस्फोटक निकोलस पूरन जैसे दमदार बल्लेबाज शामिल हैं। लेकिन इसके बावजूद उसकी टीम आईपीएल के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान इकाना में 141 रन पर आउट हो गई जिससे टीम की कई गंभीर समस्याएं उजागर हुईं। टीम के लिए बल्लेबाजी क्रम में रणनीतिक फेरबदल भी काम नहीं आया। एलएसजी ने मार्श और मार्करम की अपनी स्थापित सलामी जोड़ी से हटकर भारतीय टीम से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज पंत को पारी का आगाज करने के लिए भेज दिया। पंत रन आउट होने से पहले केवल सात रन ही बना पाए, जिससे उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर बहस फिर से शुरू हो गई। उन्हें अब तीसरे नंबर पर भेजा जा सकता है। पिछले साल उन्होंने इसी नंबर पर खेलते हुए शतक लगाया था। पूरन ने भी इस नंबर पर खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन वेस्टइंडीज के इस स्टार खिलाड़ी को बीच के ओवरों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ सकती है। मार्श ने पिछले मैच में 35 रन बनाकर एलएसजी को अच्छी शुरुआत दिलाई थी लेकिन अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाए। एलएसजी की बल्लेबाजी में तालमेल की कमी नजर आ रही है और इसे देखते हुए उसके लिए मार्श और मार्करम की जोड़ी से पारी की शुरूआत करवाना अच्छा होगा। गेंदबाजी एलएसजी का मजबूत पक्ष है। पिछले मैच में मोहम्मद शमी ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के साथ मिलकर नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए पुराने दिनों की याद दिला दी, लेकिन बीच के ओवरों में उसके गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए जिससे पिछले सत्र में 14 विकेट लेने वाले मिस्ट्री लेग स्पिनर दिग्वेश राठी को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठने लग गए हैं।
SRH ने हासिल कर ली है लय
जहां तक सनराइजर्स की बात है तो उसने अपने पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार के बाद लय हासिल कर ली है।
केकेआर के खिलाफ उसकी बल्लेबाजी इकाई ने शानदार प्रदर्शन किया। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी उसके लिए अच्छे संकेत हैं। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि हेनरिक क्लासेन का अनुभव उसके मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कोलकाता में पिछले मैच में अर्धशतक बनाया था। भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया जबकि हर्ष दुबे ने स्पिन गेंदबाजी से नियंत्रण प्रदान किया। जयदेव उनादकट और ईशान मलिंगा की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट साझा किए। इससे यह धारणा गलत साबित हो गई कि सनराइजर्स का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर है। उप्पल के स्टेडियम में दोपहर के खेल में बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है जिससे कि एलएसजी के लिए यह मैच अधिक चुनौतीपूर्ण बन गया है। सनराइजर्स को यहां की परिस्थितियां पसंद हैं और इसलिए वह मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।
सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स की आईपीएल 2026 में टीमें (Sunrisers Hyderabad and Lucknow Super Giants IPL 2026 Full Squads)
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीम: (Sunrisers Hyderabad Full Squads)
ईशान किशन (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, ओंकार टारमाले, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, साकिब हुसैन, जैक एडवर्ड्स और पैट कमिंस।
लखनऊ सुपर जायंट्स की आईपीएल 2026 की टीम: (Lucknow Super Giants Full Squads)
ऋषभ पंत (कप्तान), आयुष बडोनी, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अर्शिन कुलकर्णी, मिचेल मार्श, शाहबाज़ अहमद, आकाश महाराज सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी, अर्जुन सचिन तेंदुलकर, मयंक प्रभु यादव, वानिंदु हसरंगा, एनरिक नोर्किया, जोश इंग्लिस, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी, मोहसिन खान, मणिमारन सिद्धार्थ, मुकुल चौधरी।
मैच दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।
