IPL 2026, SRH vs RR Match Pitch Report: टी20 क्रिकेट में दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे महंगी लीग आईपीएल के 19वें संस्करण में आज 21वां मुकाबला आज (13 अप्रैल 2026) शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals) से होगा। मैच हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस मैच में हैदराबाद की कप्तानी एक बार फिर ईशान किशन (Ishan Kishan) करते नजर आएंगे। वहीं राजस्थान की कमान रियान पराग (Riyan Parag) के हाथों में होगी। इस मैच से पहले हैदराबाद की टीम अपने चार मैचों में एक जीत और तीन मैच हार चुकी है। जबकि राजस्थान की टीम बेहतरीन फॉर्म में चल रही है और अपने चारों मुकाबले जीतकर पॉइंट टेबल में टॉप पर है।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में राजस्थान आगे
राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां जब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी तो उसकी नजरें शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर टिकी होंगी। रॉयल्स ने मौजूदा सत्र में लगभग हर विभाग में अपना दबदबा दिखाया है। चार मैच में चार जीत टीम के दबदबे को दिखाती है। टीम के पास खतरनाक शीर्षक्रम और बेहद संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। टीम की सफलता में यशस्वी जायसवाल और किशोर स्टार वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार सलामी जोड़ी की अहम भूमिका रही है जिन्होंने पावरप्ले में लगातार विरोधी टीम के आक्रमण को ध्वस्त किया है। जायसवाल और सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे खतरनाक जोड़ियों में से एक बना दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल ने स्थिरता दी है और यह सुनिश्चित किया है कि टीम लय नहीं खोए। कप्तान रियान पराग की अगुआई वाले मध्य क्रम की अब तक अधिक परीक्षा नहीं हुई है। हालांकि मध्य क्रम के बल्लेबाज अब तक मिले सीमित मौकों का पूरा फायदा नहीं उठा पाए हैं और शायद यह टीम के दमदार अभियान में एकमात्र चिंता की बात है। रॉयल्स की गेंदबाजी में हालांकि मौजूदा सत्र में काफी सुधार दिख रहा है। पिछले सत्र में गेंदबाजों की नाकामी के कारण नौवें स्थान पर रहने के बाद वे कहीं अधिक अनुशासित और खतरनाक आक्रमण के रूप में लौटे हैं। जोफ्रा आर्चर ने तेजी और सटीकता के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की है जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने कोण और उछाल का इस्तेमाल करके विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे ने उनका अच्छा साथ दिया है। बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह नौ विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर हैं जबकि रविंद्र जडेजा के टीम से जुड़ने से स्पिन विभाग को और मजबूती मिली है।
सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन नहीं रहा है अच्छा
इसके उलट सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। अपने चार में से तीन मैच हारने के बाद पूर्व चैंपियन टीम छठे स्थान पर हैं। टीम अपनी पुरानी रणनीति पर चल रही है। वे तेज शुरुआत के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं लेकिन दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कार्यवाहक कप्तान इशान किशन भी अपनी शुरुआती पारी के बाद खराब फॉर्म में हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी अधिकतर समय हेनरिक क्लासेन ने निभाई है जिन्होंने चार पारियों में 184 रन बनाए हैं और सनराइजर्स को कछ मौकों पर वापसी दिलाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी हालांकि टीम का कमजोर पक्ष है और नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानियों को बढ़ा दिया है। गेंदबाजी आक्रमण विरोधी बल्लेबाजों को रोकने में जूझ रहा है विशेषकर बल्लेबाजी के अनुकूल हालात में जिससे बल्लेबाजों पर और दबाव पड़ रहा है। सनराइजर्स को अगर रॉयल्स की लय बिगाड़नी है तो शुरुआती विकेट और चटकाने होंगे तथा गेंदबाजी में एकजुट प्रदर्शन करना होगा।
हैदराबाद और राजस्थान के किन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
राजस्थान रॉयल्स के फैंस की नजरें यशस्वी जायसवाल और किशोर वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार सलामी जोड़ी पर टिकी होंगी। इसके अलावा ध्रुव जुरेल, कप्तान रियान पराग पर भी सबकी नजरें होंगी। गेंदबाजों की बात करें तो जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे पर सबकी नजरें होंगी। रवि बिश्नोई सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। रविंद्र जडेजा पर भी नजरें होंगी। सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं। कप्तान इशान किशन, हेनरिक क्लासेन से भी सबको उम्मीद होंगी। हैदराबाद का गेंदबाजी आक्रमण जूझ रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट (SRH vs RR IPL Match Pitch Report)
आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह एक हाई स्कोरिंग वेन्यू है। यहां खेले गए आखिरी 5 टी20 मुकाबलों में तीन मैच रन डिफेंड करने वाली टीम ने जीते हैं। वहीं IPL के इस सीजन में यहां अब तक सिर्फ एक ही मैच खेला गया है। जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने 19.5 ओवर में 157 रनों का लक्ष्य हासिल करके सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराया है। इस मैदान का इतिहास हमेशा बल्लेबाजों के नाम रहा है। यहां हमेशा से बल्लेबाज ही गेंदबाज पर हावी रहे हैं। यहां आईपीएल से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक रनों की बारिश होती रही है। आज भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 में टीमें (Sunrisers Hyderabad and Rajasthan Royals IPL 2026 Full Squads)
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीम: (Sunrisers Hyderabad Full Squads)
ईशान किशन (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, ओंकार टारमाले, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, साकिब हुसैन, जैक एडवर्ड्स और पैट कमिंस।
राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 की टीम: (Rajasthan Royals Full Squads)
रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, टॉस 7 बजे होगा।
