Royal Challengers Bengaluru Sold, IPL 2026: आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने में मात्र 4 दिन ही शेष बचे हैं। इससे पहले पिछले बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बिकने की भी खबर सामने आ रही है। खबर है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी को आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी ने साथ मिलकर खरीद लिया है। इस सौदे की कीमत इतनी ज्यादा है कि आरसीबी लीग की सबसे महंगी टीम बन गई है।
RCB बनी IPL की सबसे महंगी टीम
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 1.78 अरब अमेरिकी डॉलर की कीमत यानि तकरीबन 16,660 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा गया है। चार ग्रुप्स के समूह ने UK-Diageo plc की सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ मिलकर आरसीबी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। इस डील में आरसीबी की पुरुष टीम के साथ महिला टीम भी शामिल है। नई मालिकाना संरचना के तहत आरसीबी के चेयरमैन के रूप में आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमन विक्रम बिड़ला काम करेंगे। वहीं, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी इसके वाइस चेयरमैन होंगे। जब साल 2008 में आईपीएल शुरू हुआ था। तब यूनाइटेड स्पिरिट्स ने आरसीबी को $111.6 मिलियन डॉलर की बोली लगाकर खरीदा था। सेलर यूनाइटेड स्पिरिट्स के लिए यह डील 2008 में ओरिजिनल खरीद वैल्यू से लगभग 16 गुना ज़्यादा है।
BCCI और IPL से हरी झंडी मिलना बाकी
रिपोर्ट के अनुसार, इस सौदे को अभी भारतीय क्रिकेट बोर्ड और आईपीएल संचालन समिति के साथ-साथ महिला प्रीमियर लीग और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है। इस डील को लेकर कुमार मंगलम बिरला ने कहा, ‘आईपीएल एक ग्लोबल पावरहाउस बन चुका है। वह आरसीबी की विरासत को और भी आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।' बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पुरुष टीम जहां डिफेंडिंग चैंपियन है, वहीं महिला टीम वर्तमान चैंपियन है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के बिकने की खबर सामने आई थी। राजस्थान रॉयल्स को अमेरिकी बिजनेसमैन कल सोमानी ने खरीदा है। कल सोमानी के नेतृत्व वाले संघ ने RR फ्रेंचाइजी को 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर की रकम यानि तकरीबन 15,286 करोड़ रुपये में खरीद लिया है।
