IPL 2026: पिछले दिनों राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते देखे गए थे। इसके बाद BCCI ने उनके खिलाफ एक्शन लिया है। बीसीसीआई ने उन्हें सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही BCCI ने उन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। BCCI के एंटी करप्शन यूनिट का कहना है कि वे रोमी भिंडर के जवाब से सहमत नहीं हैं और उन्होंने नियम तोड़े हैं। हालांकि, इसके आगे बीसीसीआई ने यह भी कहा कि क्योंकि यह उनका पहला उल्लंघन है, इसलिए जुर्माना और चेतावनी दी जाएगी।
रोमी भिंडर पर लगा जुर्माना और दी गई चेतावनी
बता दें कि रोमी भिंडर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। जिसके बाद बवाल मच गया था। यह वीडियो राजस्थान रॉयल्स के मैच के दौरान का था, जिसमें देखा गया था कि राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर मैच के दौरान सरेआम मोबाइल चला रहे थे। इस दौरान उनके बगल में राजस्थान के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी भी मौजूद थे। इंडियन प्रीमियर लीग के नियमों के अनुसार, डगआउट और ड्रेसिंग रूम में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इसके पीछे की वजह भ्रष्टाचार से बचाव है।
ललित मोदी ने भी उठाए थे सवाल
रोमी भिंडर का वीडियो सामने आने के बाद IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भी सवाल उठाए थे। ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'एंटी करप्शन अधिकारियों ने टीमडगआउट में मोबाइल फोन चलाने की इजाजत कैसे दी।' इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर के खिलाफ जांच हुई और इस जांच का नतीजा सामने आ गया है। उन पर 1 लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही उन्हें दोबारा ऐसा ना करने की चेतावनी दी गई। अच्छी खबर यह है कि रोमी भिंडर को एंटी करप्शन यूनिट ने भ्रष्टाचार के मामले में क्लीन चिट दी है। रोमी भिंडर के बगल में बैठे वैभव सूर्यवंशी को किसी तरह की कोई सजा नहीं मिली है। बता दें कि किसी भी टीम के मैनेजर को ड्रेसिंग रूम में फोन ले जाने की इजाजत तो होती है लेकिन डग आउट में फोन चलाना बैन है।
