क्रिकेट

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने फील्डिंग कोच की भी हुई छुट्टी, टीम ने दिशांत याग्निक से तोड़ा नाता

राहुल द्रविड़ के राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच पद से इस्तीफा देने के बाद अब टीम के लंबे समय से फील्डिंग कोच रहे दिशांत याग्निक की भी छुट्टी हो गई है।

Image

दिशांत याग्निक (फोटो क्रेडिट Dishant Yagnik Instagram)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने लंबे समय से फील्डिंग कोच के रूप में काम कर रहे दिशांत याग्निक से नाता तोड़ लिया है। याग्निक आईपीएल 2011 से 2014 सीजन तक एक खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़े थे। बतौर फील्डिंग कोच वह 2018 से आरआर से जुड़े थे। आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक आरआर ने याग्निक से नाता तोड़ लिया। याग्निक ने आरआर के भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों की फील्डिंग को सुधारने में अहम भूमिका निभाई थी।

याग्निक से पहले आरआर और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के भी रास्ते अलग हो गए थे। टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम को अपनी कोचिंग में चैंपियन बनाने के बाद द्रविड़ आरआर के मुख्य कोच बने थे। माना जा रहा था कि आरआर के कोच के रूप में उनका कार्यकाल लंबा होगा, लेकिन हाल ही में उन्होंने मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। राहुल की कोचिंग में आरआर का 2025 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और टीम में फूट की खबर भी आई थी। आरआर 2025 में लीग चरण के 14 मैचों में चार जीत के साथ नौवें स्थान पर रही थी।

याग्निक अब आगामी घरेलू सत्र में जम्मू और कश्मीर टीम के क्षेत्ररक्षण कोच के रूप में काम करने पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे। पिछले सीजन में, वह कोचिंग स्टाफ के प्रमुख सदस्यों में से एक थे, जिसमें जम्मू और कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

राहुल द्रविड़ और दिशांत याग्निक के बाद अगले सीजन से पहले आरआर फ्रेंचाइजी से अलग होने वाले कई और नाम सामने आ सकते हैं। इसमें सबसे बड़ा नाम कप्तान संजू सैमसन का है। माना जा रहा है कि सैमसन टीम मैनेजमेंट से असंतुष्ट हैं और नीलामी से पहले टीम से अलग हो सकते हैं।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article