Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders Match Pitch Report: आईपीएल के 19वें सीजन के 22वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और तीन बार की विजेता कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram Stadium Chennai) में खेला जाएगा। इस मैदान पर खेला जाने वाला यह सीजन का तीसरा मैच है। इस मुकाबले में एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की कमान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) के हाथों में होगी। वहीं कोलकाता नाईट राइडर्स की कप्तानी फिर से आजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) संभालेंगे। आईपीएल 2026 का 22वां मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, वहीं इस मैच का टॉस 7:00 बजे होगा। पिछले मैच में जीत से उत्साहित सीएसके की टीम इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली केकेआर की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी।
CSK ने जीता अपना पिछला मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की। उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली। इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने आईपीएल पदार्पण पर प्रभावित किया। उन्होंने अपनी अतिरिक्त उछाल से बल्लेबाजों को चौंकाया। जेमी ओवरटन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को एक और आयाम प्रदान किया। बल्लेबाजी की बात करें तो सैमसन सीएसके के लिए अपने पदार्पण सत्र में आखिर रन बनाने में सफल रहे। उन्होंने पहले छह ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके अपना असली रंग दिखाया। सीएसके के लिए हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। वह संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे। पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा।
केकेआर पर होगा पहली जीत का दबाव
दूसरी ओर केकेआर जीत के लिए बेताब है। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ वह लगभग जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन मुकुल चौधरी की शानदार पारी ने अजिंक्य रहाणे और उनकी टीम को पहली जीत से वंचित कर दिया। कैमरन ग्रीन ने पिछले मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजी की। यह ऑलराउंडर चेपॉक में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मोटी कीमत को सही साबित करने की कोशिश करेगा। इसी तरह रिंकू सिंह मध्य क्रम में रन बनाने के लिए बेताब हैं और मंगलवार का दिन उनके लिए खास हो सकता है। रहाणे ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अंगकृष रघुवंशी ने भी प्रभाव छोड़ा है। रोवमैन पॉवेल और ग्रीन ने भी एलएसजी के खिलाफ कुछ रन बनाए, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।
केकेआर को अगर सीएसके को उसके गढ़ में हराना है तो उसके गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उसके प्रमुख गेंदबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिसका असर परिणाम में देखने को मिल रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स हेड टू हेड (Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders Head to Head)
आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स एकदूसरे से 32 मैचों में भिड़ चुकी हैं। इन 32 मैचों में सीएसके का पलड़ा भारी रहा है। चेन्नई ने इन 32 मैचों में से 20 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं केकेआर को सिर्फ 11 मुकाबलों में विजय मिली है। इन दोनों के बीच हुए 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। इस आईपीएल की बात करें तो CSK ने 4 में से अब तक 1 मैच ही जीता है, जबकि 3 में उसे शिकस्त झेलनी पड़ी है। वहीं, KKR ने अपने 4 में से 3 मैच हारे हैं और उसका 1 मैच बारिश की भेंट चढ़ा है।
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स पिच रिपोर्ट (Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders Match Pitch Report)
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच होने वाला मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच लाल मिट्टी से बनी है। यह आमतौर पर स्पिनरों की मददगार होती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में इस पिच पर तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है।
चेन्नई की विकेट अमूमन सूखी और हार्ड होती है, जो मैच आगे बढ़ने के साथ और भी खराब होती जाती है। इसलिए यहां पर बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए पहले टिकना होता है। यहां पर आईपीएल में पहली पारी का औसतन स्कोर 165 रन है। हालांकि, पिछले कुछ सालों से यहां बल्लेबाज राज कर रहे हैं। इस मैदान पर कई हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। अगर पिछले 5 मैचों की बात करें तो यहां तीन मुकाबला पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने टारगेट डिफेंड किया है। पिछले मैच में भी सीएसके ने डीसी के खिलाफ 212 रन डिफेंड करके जीते हैं।
चेन्नई और कोलकाता की आईपीएल 2026 टीमें (Chennai Super Kings and Kolkata Knight Riders IPL 2026 Full Squads)
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 की पूरी टीम (Chennai Super Kings Full Squad):
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी
कोलकाता नाईट राइडर्स आईपीएल 2026 की पूरी टीम (Kolkata Knight Riders Full Squad):
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा।
समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, टॉस 7 बजे होगा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
