क्रिकेट

IPL 2025, GT vs PBKS Preview: अय्यर और गिल के बीच होगी कप्तानी की रोचक जंग, जानिए मैच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी

IPL 2025, GT vs PBKS Preview: आईपीएल 2025 के पांचवें मुकाबले में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम शुभमन गिल की कप्तानी में और पंजाब किंग्स की टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरेगी। मुकाबले के आगाज से पहले मैच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी यहां पढ़ें।

Image

GT vs PBKS Match: गुजरात और पंजाब के बीच मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।

Photo : Times Now Digital

IPL 2025, GT vs PBKS Preview: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को यहां होने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के बीच कप्तानी की भी रोचक जंग देखने को मिलेगी। अय्यर आईपीएल के सफल कप्तानों में शामिल है। उनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले साल खिताब जीता था। इससे चार साल पहले 2020 में दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी कप्तानी में फाइनल में जगह बनाई थी। अब उनका लक्ष्य पंजाब का आईपीएल खिताब जीतने का 18 साल लंबा इंतजार खत्म करना होगा।

पंजाब आईपीएल 2018 के सेमीफाइनल में पहुंचा था जबकि उसने 2014 में फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन पिछले चार वर्षों में शीर्ष पांच में भी जगह नहीं बना सका। किंग्स इलेवन पंजाब से पंजाब किंग्स बनने के बावजूद इस टीम को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है। लेकिन अब अय्यर के रूप में नया कप्तान और रिकी पोंटिंग के रूप में नया मुख्य कोच मिलने के बाद पंजाब की टीम नए सिरे से शुरुआत करने के लिए तैयार है।

दूसरी तरफ गिल को भारत का भविष्य का कप्तान माना जा रहा है। उन्हें हाल में भारत की एकदिवसीय टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया। उन्होंने हार्दिक पांड्या के पिछले साल मुंबई इंडियंस से जुड़ जाने के बाद गुजरात की कप्तानी संभाली थी लेकिन उनकी टीम तब आठवें स्थान पर रही थी। इससे पहले हार्दिक की कप्तानी में गुजरात की टीम 2022 में विजेता और 2023 में उपविजेता रही थी। गिल और अय्यर दोनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। इन दोनों ने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अय्यर ने जहां भारत की तरफ से टूर्नामेंट में सर्वाधिक 243 रन बनाए वहीं गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में शतक ठोका था और आगे भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गुजरात के पास गिल और इंग्लैंड के जोस बटलर के रूप में आदर्श सलामी जोड़ी है। मध्यक्रम की कमान वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड, साई सुदर्शन और मसूद शाहरुख खान के हाथों में होगी, जबकि ऑलराउंडर राशिद खान, राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और महिपाल लोमरोर से योगदान की उम्मीद है। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज अपना प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में उनके साथ देने के लिए कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, दक्षिण अफ्रीका के गेराल्ड कोएत्जी और अनुभवी इशांत शर्मा जैसे अच्छे गेंदबाज शामिल हैं। गुजरात के स्पिन विभाग की जिम्मेदारी फिर से राशिद खान निभाएंगे।

पंजाब की बल्लेबाजी की बात करें तो उसकी बल्लेबाजी मुख्य रूप से कप्तान अय्यर, जोश इंग्लिस, प्रभसिमरन सिंह, मार्कस स्टोइनिस और ग्लेन मैक्सवेल पर निर्भर रहेगी। पंजाब की टीम में अजमतुल्लाह उमरजई, स्टोइनिस, मार्को जानसेन, शशांक सिंह और मुशीर खान जैसे ऑलराउंडर हैं । पंजाब के तेज गेंदबाजी विभाग का नेतृत्व अर्शदीप सिंह करेंगे। उनके अलावा पंजाब के तेज गेंदबाजी विभाग में लॉकी फर्ग्यूसन, कुलदीप सेन और यश ठाकुर शामिल हैं जबकि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

गुजराज और पंजाब टीम इस प्रकार

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, शेरफेन रदरफोर्ड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, राशिद खान, करीम जनत, महिपाल लोमरोर, ग्लेन फिलिप्स, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, अरशद खान, गेराल्ड कोएत्जी, गुरनूर बराड़, कुलवंत खेजरोलिया, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा। साई किशोर, ईशांत शर्मा, जयंत यादव।

पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, जोश इंग्लिस, प्रभसिमरन सिंह, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, आरोन हार्डी, मार्को जानसन, ग्लेन मैक्सवेल, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, लॉकी फर्ग्यूसन। हरप्रीत बराड़, कुलदीप सेन, विजयकुमार वैश्य, यश ठाकुर

मैच- भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article