क्रिकेट

IPL 2025: नए सीजन में बीसीसीआई कर सकता है गेंदबाजी के इस नियम में बड़ा बदलाव

बीसीसीआई आईपीएल 2025 के लिए गेंदबाजी के एक नियम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। साल 2022 में आईसीसी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ये प्रतिबंध लगा दिया था।

Image

विराट कोहली

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड 22 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग के इस सत्र में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा सकता है। बीसीसीआई में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई है और मुंबई में बृहस्पतिवार को आईपीएल की सभी टीमों के कप्तानों के सामने इसे रखा जायेगा।

आईसीसी ने साल 2022 में लगाया था लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने कोरोना महामारी के दौरान एहतियात के तौर पर गेंद को चमकाने के लिये उस पर लार लगाने के बरसों पुराने चलन पर प्रतिबंध लगा दिया था। आईसीसी ने 2022 में यह प्रतिबंध स्थायी कर दिया। आईपीएल ने भी कोरोना महामारी के बाद यह प्रतिबंध खेलने की शर्तों में शामिल किया लेकिन आईपीएल के दिशा निर्देश आईसीसी के अधिकार क्षेत्र से परे हैं।

बीसीसीआई हटा सकता है प्रतिबंध

बीसीसीआई के एक आला अधिकारी ने पीटीआई से कहा, 'कोरोना से पहले गेंद पर लार लगाना आम बात थी। अब कोरोना का खतरा नहीं है तो आईपीएल में गेंद पर लार लगाने पर लगा प्रतिबंध हटाने में कोई बुराई नहीं है। हम समझते हैं कि लाल गेंद के क्रिकेट पर इसका व्यापक प्रभाव होता है और सफेद गेंद के प्रारूप में भी इससे गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। आईपीएल में इसकी अनुमति होनी चाहिये। देखते हैं कि कप्तान कल क्या तय करते हैं।'

शमी ने की थी प्रतिबंध हटाने की वकालत

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा था कि गेंद पर लार लगाने की जरूरत है वरना यह पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में हो जायेगा। दक्षिण अफ्रीका के वर्नोन फिलैंडर और न्यूजीलैंड के टिम साउदी ने भी इसका समर्थन किया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article