देश

VIDEO: '14 पार्टी मिलकर, 1.5 KM में सिर्फ 8000 लोगों की भीड़...', राहुल गांधी पर जमकर बरसे अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी नेताओं के ‘सुप्रीम मार्च’ पर टिप्पणी करते हुए दावा किया कि 14 विपक्षी दल मिलकर 1.5 किलोमीटर के मार्च में केवल 8,000 लोगों की भीड़ जुटा सके।

Image

अमित शाह ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना। ANI

Photo : ANI

Amit Shah Slams Rahul Gandhi: एसआईआर और वोटी चोरी मुद्दे को लेकर एक तरफ जहां विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। वहीं, दूसरी ओर गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत की। गुजरात निकाय चुनाव सहित अन्य राज्यों में हुए चुनाव पर विस्तार से चर्चा की।

वहीं, अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सोमवार को हुए विपक्षी नेताओं के 'सुप्रीम मार्च' को लेकर अमित शाह ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 14 पार्टी मिलकर, 1.5 किलोमीटर में सिर्फ 8000 लोगों की भीड़ जुटा सकी। कांग्रेस देश की आवाज नहीं बन सकती है। देश की आवाज गांव, पहाड़ों, दूर-सदूर इलाकों से आती है। कांग्रेस पार्टी की यहां कोई पहुंच नहीं है।

स्थानीय निकाय चुनाव रिजल्ट पर क्या बोले अमित शाह?

उन्होंने कहा कि गुजरात में तीन स्थानीय निकायों के चुनाव में बीजेपी ने कुल 104 सीटों में से 90 सीटों पर जीत हासिल की। शाह ने इस परिणाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राज्य के मतदाताओं के समर्थन का संकेत बताया और कांग्रेस पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में आने वाले गांधीनगर नगर निगम में BJP ने 44 में से 38 सीटें जीतीं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले चुनाव की तुलना में गांधीनगर नगर निगम में BJP का वोट शेयर 10 प्रतिशत बढ़ा है।

अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पार्टी गुजरात में पिछले 41 वर्षों से कोई चुनाव नहीं जीत पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस स्थिति पर आत्ममंथन करने की जरूरत है। शाह के मुताबिक, गुजरात में कांग्रेस की आखिरी जीत 1985 में हुई थी। उन्होंने कहा, “मैं यह बात कांग्रेस तक पहुंचाना चाहता हूं कि 41 साल बाद भी पार्टी गुजरात में एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है। जिस बड़े राज्य में कभी कांग्रेस का शासन हुआ करता था, वहां इतने लंबे समय से चुनावी जीत नहीं मिलना पार्टी के लिए आत्मनिरीक्षण का बड़ा विषय है।”

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article