अध्यात्म

तूफान ला सकता है सूर्य और यम का बाइसेप्टाइल योग, इन 6 राशियों को रहना होगा सावधान

Surya Pluto Biseptile Aspect 2026: सूर्य और यम एक दूसरे से 102.86 डिग्री पर आ गए हैं। इससे बाइसेप्टाइल आस्पेक्ट बन गया है। यह योग कुछ राशि वालों के लिए परेशानी भरा साबित हो सकता है।

Image

सूर्य और यम का बाइसेप्टाइल योग किनके लिए अच्छा नहीं रहेगा (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Surya Pluto Biseptile Aspect 2026: 13 अक्टूबर 2026 की सुबह 9 बजकर 18 मिनट पर सूर्य और यम यानी प्लूटो एक-दूसरे से 102.86 डिग्री के कोण पर आ गए हैं। मॉडर्न एस्ट्रोलॉजी में इस स्थिति को बाइसेप्टाइल आस्पेक्ट कहा जाता है। यह एक माइनर आस्पेक्ट है, जिसे अचानक बदलाव, अंदरूनी दबाव, शक्ति से जुड़े टकराव और जीवन की दिशा बदलने वाले फैसलों से जोड़कर देखा जाता है।

इस समय सूर्य कन्या राशि में हैं, जबकि यम यानी प्लूटो मकर राशि में हैं। ज्योतिष में सूर्य को आत्मविश्वास, सत्ता, पद, मान-सम्मान और नेतृत्व का कारक माना जाता है। वहीं, प्लूटो का संबंध गहरे बदलाव, नियंत्रण, छिपे हुए मुद्दों और पुरानी व्यवस्था को बदलने से जोड़ा जाता है। ऐसे में इन दोनों के बीच बनने वाला बाइसेप्टाइल आस्पेक्ट कुछ लोगों के लिए अपनी महत्वाकांक्षाओं और मौजूदा परिस्थितियों के बीच तालमेल बनाना मुश्किल कर सकता है। इस आधार पर कुछ राशि वालों को कुछ मामलों में अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत हो सकती है। इन राशियों के लिए घर-परिवार, आर्थिक स्थिति, करियर, पार्टनरशिप और निजी फैसलों से जुड़े विषय महत्वपूर्ण रह सकते हैं। आइए जानते हैं कि सूर्य और यम के इस आस्पेक्ट का किन राशियों पर बुरा असर पड़ेगा।

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों के लिए सूर्य चौथे भाव और यम आठवें भाव से जुड़े मामलों को सक्रिय कर रहे हैं। चौथा भाव घर, परिवार, प्रॉपर्टी और मानसिक शांति का है, जबकि आठवां भाव संयुक्त धन और अचानक होने वाले बदलावों से जुड़ा है। ऐसे में घर या प्रॉपर्टी को लेकर कोई पुराना विवाद दोबारा सामने आ सकता है। परिवार में किसी मुद्दे को लेकर तनाव बढ़ने या किसी करीबी की बात से मन परेशान होने की आशंका रह सकती है। प्रॉपर्टी, लोन या संयुक्त निवेश से जुड़े मामलों में दस्तावेज अच्छी तरह जांचना जरूरी होगा। इस दौरान भावनाओं में आकर कोई बड़ा फैसला लेने के बजाय हर पहलू को समझना बेहतर रहेगा।

उपाय : बुधवार को भगवान गणेश की पूजा करें और उन्हें दूर्वा अर्पित करें।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए सूर्य तीसरे भाव और यम सातवें भाव से जुड़े मामलों को सक्रिय कर रहे हैं। तीसरा भाव कम्युनिकेशन और अपने प्रयासों का है, जबकि सातवां भाव मैरिज, लाइफ पार्टनर और बिजनेस पार्टनरशिप से संबंधित है। ऐसे में बातचीत में गलतफहमी या रिश्तों में अपनी बात मनवाने को लेकर टकराव हो सकता है। पति-पत्नी के बीच किसी पुराने मुद्दे पर बहस बढ़ सकती है। कारोबार में पार्टनर के साथ काम के बंटवारे, पेमेंट या किसी फैसले को लेकर असहमति हो सकती है। ऐसे में दबाव बनाने के बजाय बातचीत से हल निकालना बेहतर रहेगा।

उपाय : सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पित करें और परिवार में शांति बनाए रखने की प्रार्थना करें।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए सूर्य दूसरे भाव और यम छठे भाव से जुड़े मामलों को प्रभावित कर रहे हैं। दूसरा भाव धन, बचत, परिवार और वाणी का है, जबकि छठा भाव नौकरी, कर्ज और विवाद से जुड़ा है। इस दौरान पैसों को लेकर चिंता बढ़ सकती है या कोई पुराना भुगतान अटक सकता है। नौकरी में सहकर्मियों के साथ मतभेद अथवा काम का दबाव बढ़ने की स्थिति बन सकती है। परिवार में आर्थिक फैसलों को लेकर बहस हो सकती है। गुस्से में कही गई बात से रिश्तों में दूरी बढ़ने की आशंका रहेगी। इसलिए खर्चों का हिसाब रखें और बातचीत में संयम बरतें।

उपाय : रविवार की सुबह सूर्य को जल अर्पित करें और मन में सकारात्मक संकल्प लें।

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए सूर्य बारहवें भाव और यम चौथे भाव से जुड़े मामलों को सक्रिय कर रहे हैं। बारहवां भाव खर्च, विदेश और निजी जीवन से जुड़ा है, जबकि चौथा भाव घर, प्रॉपर्टी और मानसिक शांति का है। इस स्थिति में घर की जिम्मेदारियों या प्रॉपर्टी से जुड़े किसी मामले के कारण तनाव बढ़ सकता है। दूसरी तरफ, अनावश्यक खर्च बढ़ने या किसी जरूरी काम पर बजट से ज्यादा पैसा लगाने की नौबत आ सकती है। परिवार के किसी सदस्य के साथ पुरानी बात दोबारा उठ सकती है। घर बदलने या प्रॉपर्टी खरीदने जैसे बड़े फैसलों में जल्दबाजी से बचें।

उपाय : शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें और अपनी क्षमता के अनुसार किसी जरूरतमंद को सफेद वस्तु का दान करें।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए यम पहले भाव और सूर्य नवम भाव से जुड़े मामलों को सक्रिय कर रहे हैं। पहला भाव व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और जीवन की दिशा का है, जबकि नवम भाव भाग्य, पिता, गुरु और उच्च शिक्षा से जुड़ा है। इस दौरान अपनी मौजूदा स्थिति से असंतोष महसूस हो सकता है। करियर या जीवन की दिशा बदलने का विचार आए तो जल्दबाजी में फैसला न लें। पिता, गुरु या किसी वरिष्ठ व्यक्ति के साथ विचारों का टकराव भी हो सकता है। शिक्षा, यात्रा या किसी महत्वपूर्ण योजना में देरी होने से निराशा बढ़ सकती है। आगे की योजना तैयार करके ही कोई बड़ा कदम उठाना बेहतर रहेगा।

उपाय: शनिवार को जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन कराएं और शनि देव का स्मरण करें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य आठवें भाव और यम बारहवें भाव से जुड़े विषयों को सक्रिय कर रहे हैं। आठवां भाव संयुक्त धन, टैक्स, इंश्योरेंस और अचानक होने वाले बदलावों का है, जबकि बारहवां भाव खर्च, विदेश और निजी जीवन से संबंधित है। ऐसे में पुराने आर्थिक लेन-देन, संयुक्त खाते या साझा संपत्ति से जुड़ा मामला सामने आ सकता है। विदेश या ऑनलाइन काम से जुड़े खर्च बढ़ सकते हैं। किसी आर्थिक योजना के उम्मीद के मुताबिक आगे न बढ़ने से तनाव हो सकता है। इस समय जरूरी दस्तावेजों की जांच करें और बिना पूरी जानकारी के किसी आर्थिक प्रस्ताव को स्वीकार न करें।

उपाय : शनिवार को काले तिल का दान करें और जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article