क्रिकेट

IPL 2024, SRH vs RCB Pitch Report, Weather: हैदराबाद-बैंगलोर मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का ताजा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 25, 2024, 05:37 PM IST

IPL 2024, SRH vs RCB Pitch Report And Rajiv Gandhi International Cricket Stadium Hyderabad Weather Forecast Today Match In Hindi: आज (25 April 2024) इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण में सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर अंक तालिका में 10वें स्थान की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। दूसरे चरण का ये मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होना है। आइए जानते हैं आज के हैदराबाद बनाम बैंगलोर मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा हैदराबाद के मौसम का हाल।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद-रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2024 में 41वां मैच होने जा रहा है
  • आमने-सामने हैदराबाद और बैंगलोर की टीमें
  • हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में मुकाबला

IPL 2024, SRH (Sunrisers Hyderabad) vs RCB (Royal Challengers Bangalore) Pitch Report And Hyderabad Weather Forecast Today: मौजूदा आईपीएल सीजन (Indian Premier League 2024) में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का मुकाबला आज अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर मौजूद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम से होगा। इस मैच का आयोजन सनराइजर्स हैदराबाद के होम ग्राउंड हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद की कमान ऑस्ट्रेलिया दिग्गज पैट कमिंस (Pat Cummins) के हाथों में है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी करेंगे फाफ डुप्लेसी (Faf du Plessis)। मैच की शुरुआत शाम 7.30 बजे होगी। टॉस आधा घंटे पहले 7 बजे होगा।

आईपीएल 2024 के इस बड़े मुकाबले से पहले जानते हैं कि हैदराबाद और बैंगलोर की टीमों का टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड कैसा रहा है। अब तक इन दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में 23 मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में 13 बार सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली है, जबकि 10 बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने जीत हासिल की। वहीं हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में हैदराबाद और बैंगलोर के बीच आज तक आठ मैच हुए हैं जिनमें 6 मैच मेजबान टीम ने अपने पक्ष में किए जबकि आरसीबी सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत अपने नाम कर पाई। अब जानते हैं कि आज जब ये दोनों टीमें टकराएंगी तो पिच रिपोर्ट कैसी होगी और कैसा रहेगा हैदराबाद का मौसम।

सनराइजर्स हैदराबाद-रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पिच रिपोर्ट (SRH vs RCB Pitch Report)

आज होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 41वें मैच में हैदराबाद और बैंगलोर की टीमें हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस मैदान की पिच सपाट मानी जाती रही है और यहां दोनों ही पारियों में बल्लेबाज कहर बरपाने का दम रखते हैं। आज भी हैदराबाद की टीम अगर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो वो बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है। वैसे भी वो इसी आईपीएल सीजन में आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा और चौथा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर चुकी है। इस पिच पर गेंदबाजों सिर्फ इतना कर सकते हैं कि कम से कम एक्स्ट्रा रन देने का प्रयास करें और बीच के ओवरों में स्पिनर्स कुछ विकेट निकालकर अपनी टीम को राहत दें।

आज कैसा है हैदराबाद का मौसम? (Hyderabad Weather Today)

सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आज का आईपीएल मैच हैदराबाद में होने जा रहा है और यहां इस समय गर्मी तेजी से बढ़ती जा रही है। आज के अनुमान की बात करें तो दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी। अनुमान है कि आज हल्की बारिश भी हो सकती है। यहां उमस तो इतनी नहीं रहेगी लेकिन गर्मी शाम को भी खिलाड़ियों को जरूर परेशान करेगी। आज हैदराबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

हैदराबाद और बैंगलोर की टीमें (SRH and RCB Squads)

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम: फाफ डुप्लेसी (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार, अनुज रावत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सूयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार विशाक, आकाशदीप, मोहम्मद सिराज, रीस टॉप्ले, हिमांशु शर्मा, रंजन कुमार, कैमरन ग्रीन, अल्जारी जोसफ, यश दयाल, टॉम कुरेन, लॉकी फरग्यूसन, स्वप्निल सिंह, सौरव चौहान, विल जैक्स, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, मनोज भंडागे, मयंक डागर।

सनराइजर्स हैदराबाद टीम: पैट कमिंस (कप्तान), अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, ऐडन मार्कराम, मार्को जानसन, राहुल त्रिपाठी, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, मयंक अग्रवाल, उमरान मलिक, नीतिश कुमार रेड्डी, फजलहक फारूकी, शाहबाज अहमद, ट्रेविस हेड, जयदेव उनादकट, आकाश सिंह, जे सुब्रमण्यन, टी नटराजन, अनमोलप्रीत सिंह, उपेन्द्र सिंह यादव (विकेटकीपर) और मयंक मारकंडे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article