आईपीएल 2024 में आज टूर्नामेंट का 19वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की भिड़ंत मेजबान राजस्थान रॉयल्स टीम से होगी। राजस्थान और बैंगलोर की टीमों के बीच खेला जाने वाला ये मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू हो जाएगा। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान होंगे भारत के धुरंधर विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कमान दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज फाफ डुप्लेसिस के हाथों में होगी।
आज होने वाले राजस्थान-बैंगलोर मुकाबले से पहले जान लेते हैं कि मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड कैसा रहा है। अब तक आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 3 मुकाबले खेले हैं और इन सभी मुकाबलों में उन्होंने जीत दर्ज करते हुए 6 अंक हासिल किए हैं। वे लगातार अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) शीर्ष दो टीमों में बने हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम जिसने अब तक 4 मैच खेले हैं और उनका प्रदर्शन इन मैचों में बेहद खराब रहा है। उन्होंने इन चार मुकाबलों में सिर्फ 1 मैच जीत हासिल की है। बैंगलोर की टीम को सिर्फ दो अंक हासिल हुए हैं और अंक तालिका में वे खराब नेट रन रेट के साथ आठवें पायदान पर हैं। अब आपको बताते हैं कि इस मैच की पिच रिपोर्ट क्या कुछ कहती है और आज कैसा रहेगा जयपुर का मौसम।
राजस्थान और बैंगलोर के बीच आज आईपीएल 2024 में होने वाला मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैदान की पिच पर बल्लेबाजों को मदद मिलती आई है और आज के मैच में भी ऐसा ही होना तय माना जा रहा है। एक बार फिर जयपुर में फैंस को एक हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिलेगा। इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में अब तक जयपुर के ग्राउंड पर दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों ही मैचों में खूब रन बने हैं। इन दोनों ही मुकाबलों में राजस्थान की टीम ने जीत दर्ज की। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इन दो मैचों में संजू सैमसन और रियान पराग मैन ऑफ द मैच रहे और दोनों ने ही बल्लेबाजी में दम दिखाया। गेंदबाजों में यहां जितनी मदद तेज गेंदबाजों को मिलेगी उतनी ही मध्य के ओवरों में स्पिनर्स को मिलती नजर आएगी।
आईपीएल के इस सीजन के 18वें मैच में जब राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें जयपुर में टकराएंगी तो मौसम भी अहम रहेगा। जयपुर के मौसम की बात करें तो आज यहां दिन में धूप तो रहेगी लेकिन साथ ही बादल भी बीच-बीच में आवाजाही करते रहेंगे। आज यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और उमस भी बहुत कम रहेगी। कुल मिलाकर शाम को जब मैच होगा तो मौसम क्रिकेट मैच के लिए बढ़िया होगा। तापमान की बात करें तो आज जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है।
राजस्थान रॉयल्स टीम: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नंद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुष कोटियान, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर और ट्रेंट बोल्ट।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम: फाफ डु प्लेसी (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक, सुयश प्रभुदेसाई, विल जैक्स, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, मनोज भंडागे, मयंक डागर, विजयकुमार विशक, आकाश दीप, राजन कुमार, कैमरून ग्रीन, अल्ज़ारी जोसेफ, यश दयाल, टॉम कुरेन, लॉकी फर्ग्यूसन, स्वप्निल सिंह, सौरव चौहान, मोहम्मद सिराज, रीस टॉपले और हिमांशु शर्मा।
