क्रिकेट

IPL 2024, MI vs RR, Match Preview: घरेलू दर्शकों के सामने वापसी के इरादे से राजस्थान के लड़ाकों के खिलाफ उतरेगी मुंबई की पलटन , जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 1, 2024, 05:21 PM IST

Mumbai Indians vs Rajasthan Royals Match Preview: आईपीएल 2024 में खराब शुरुआत के बाद मुंबई इंडियन्स की टीम पहली बार घरेलू दर्शकों के सामने राजस्थान रॉयल्स से दो-दो हाथ करने उतरेगी। जानिए इस मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

मुंबई इंडियन्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच प्रीव्यू(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई इंडियन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा आईपीएल 2024 का 14वां मुकाबला
  • शुरुआती दो मैच में हार के बाद अंक तालिका में 10वें पायदान पर है मुंबई इंडियन्स
  • घरेलू दर्शकों के सामने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पहली बार उतरेगी पलटन

Aaj Ka Match MI vs RR: हार्दिक पांड्या की अगुवाई में शुरुआती दो मैचों में हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम लय में चल रही राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सोमवार को यहां अपने घरेलू मैदान पर उतरेगी तो हार के सिलसिले को खत्म करना चाहेगी। मुंबई को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी धीमी शुरुआत के लिए जाना जाता है और पांड्या के कप्तान बनने के बाद भी इस में कोई बदलाव नहीं आया है।

दो मैच में हार के बाद 10वें पायदान पर है मुंबई

मुंबई इंडियंस को पांच खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा की जगह पांड्या को कप्तान बनाये जाने का फैसला प्रशंसकों को नागवार गुजरा और इस हरफनमौला खिलाड़ी को शुरुआती मैचों में दर्शकों की हूटिंग का भी सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस को पांड्या की पूर्व टीम गुजरात टाइटंस ने सत्र के पहले मैच में छह रन से हराया जबकि हैदराबाद में बड़े स्कोर के रिकॉर्ड वाले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने उसे 32 रन से शिकस्त दी। इन दो हार के बाद टीम अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें पायदान पर है। यह हालांकि आईपीएल के 17 वें सत्र का शुरुआती चरण है लेकिन मुंबई की टीम हार के सिलसिले को खत्म करने के साथ अपने नेट रन रेट (-0.925) को भी सुधारना चाहेगी ।

सूर्यकुमार यादव की खल रही है मुंबई को कमी

मुंबई को अपने अनुभवी खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव की कमी खल रही है जो चोट से उबर रहे हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैचों में मुंबई की टीम चार जीत दर्ज करने में सफल रही है लेकिन संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स ने इस सत्र में अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने दोनों मैच जीते हैं और इस दौरान उसके ज्यादातर खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है।

पांड्या से बहतर कप्तानी की है उम्मीद

रोहित बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे लेकिन मुंबई की टीम मैदान पर पांड्या से बेहतर निर्णय लेने की अपेक्षा करेगी। पंड्या ने अब तक तेज गेंदबाज बुमराह का बेहतर तरीके से इस्तेमाल नहीं किया है। बुमराह और पीयूष चावला मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव दिलाते हैं, जिसने स्थानीय खिलाड़ी शम्स मुलानी पर भी भरोसा दिखाया है। मुलानी आईपीएल में नये खिलाड़ी हैं लेकिन उन्हें वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का आपार अनुभव है। युवा तेज गेंदबाज क्वेना मफाका सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए, लेकिन इस 17 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज के लिए यह इस स्तर पर मौका मिलना बड़ी बात है।

जायसवाल घरेलू मैदान पर मचाना चाहेंगे धमाल

राजस्थान रॉयल्स ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। सैमसन आईपीएल के शुरुआती चरण में बेहतरीन लय में है बेहद प्रतिभाशाली यशस्वी जयसवाल इस सत्र अपना पहला बड़ा स्कोर बनाने के लिए उत्सुक होंगे। जायसवाल अपने घरेलू मैदान पर लौट रहे हैं, जहां उन्होंने दोनों टीमों के बीच खेले गये पिछले मैच में 62 गेंदों में 124 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस मैच में हालांकि उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। मध्यक्रम में रियान पराग पर भरोसा दिखाना राजस्थान के लिए अच्छा साबित हो रहा है। मुंबई के लिए तिलक वर्मा, टिम डेविड एंड नमन धीर अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना चाहेंगे।

शानदार है राजस्थान रॉयल्स की टीम

राजस्थान का बल्लेबाजी क्रम लंबा है जिसमें खतरनाक जोस बटलर शीर्ष पर और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने का दारोमदार होगा। गेंदबाजी में अनुभवी ट्रेंट बोल्ट के साथ नांद्रे बर्गर ने प्रभावित किया है तो वही टीम के बार स्पिन गेंदबाजी में बेहद अनुभवी रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल का विकल्प है। आवेश खान और संदीप शर्मा की भारतीय तेज गेंदबाजों की जोड़ी भी अब तक प्रभावित करने में सफल रही है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

मुंबई इंडियंस(Mumbai Indian Full Squad):

हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्जी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन, अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी , नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड, सूर्यकुमार यादव।

राजस्थान रॉयल्स(Rajasthan Royals Full Squad):

संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नंद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुष कोटियान।

समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

End of Article