क्रिकेट

IPL 2024, MI vs RR Pitch Report, Weather: मुंबई-राजस्थान मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का ताजा हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 1, 2024, 04:09 PM IST

IPL 2024, MI vs RR Pitch Report And Wankhede Stadium Mumbai Weather Forecast Today Match In Hindi: आज (1 April 2024) इंडियन प्रीमियर लीग का 14वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में टक्कर होगी मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स की। ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए जानते हैं आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट और आज मुंबई में मौसम कैसा रहेगा।

Image

मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज का मैच
  • मुंबई इंडियंस की टक्कर राजस्थान रॉयल्स से होगी
  • मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

IPL 2024, MI (Mumbai Indians) vs RR (Rajasthan Royals) Pitch Report And Mumbai Weather Forecast Today: आईपीएल 2024 में आज का मुकाबला बेहद खास और देखने वाला होगा। आमने-सामने होंगी पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और पहले आईपीएल सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स। एक तरफ जहां मुंबई इंडियंस इस समय खराब फॉर्म से जूझ रही है। वहीं राजस्थान रॉयल्स लगातार अच्छे प्रदर्शन से फैंस का दिल जीत रही है। आज होने वाला मैच मुंबई इस सीजन में अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में पहली बार खेलेगी। ये मैच रात 8 बजे से शुरू होगा। मैच में मुंबई की कप्तानी करेंगे हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya), जबकि राजस्थान रॉयल्स टीम की कमान भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) के हाथों में होगी।

मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के ट्रैक रिकॉर्ड और आईपीएल इतिहास में इनकी टक्कर के आंकड़ों को भी देख लेते हैं। मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 27 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन मैचों में मुंबई इंडियंस ने 15 बार जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 12 बार मुंबई को हराया है। वहीं अगर मौजूदा सीजन की बात करें तो अब तक खेले अपने दोनों मैच जीतकर राजस्थान रॉयल्स की टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान पर है। जबकि मुंबई इंडियंस की टीम अपने दोनों मैच हारने के बाद अंक तालिका में शून्य अंक के साथ आखिरी नंबर पर है। अब जानते हैं कि आज के मैच में पिच रिपोर्ट कैसी होगी और कैसा रहेगा मुंबई का मौसम।

मुंबई इंडियंस-राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट (MI vs RR Pitch Report)

आज का आईपीएल मैच मुंबई और राजस्थान के बीच मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक मौजूदा आईपीएल सीजन में एक भी मैच नहीं खेला गया है, ये पहला मौका होगा जब आईपीएल 2024 में यहां क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। मुंबई की पिच हमेशा से बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए बराबर फायदा लेकर आई है। फिर चाहे वो धुआंधार बल्लेबाज हों या फिर तेज गेंदबाज और स्पिनर्स। हां, इतना तय है कि इस पिच पर बल्लेबाज रनों की बारिश तो जरूर करेंगे और शुरुआत में तेज गेंदबाज कुछ विकेट निकालने में भी सफल होंगे। कुल मिलाकर ये एक बैलेंस गेम और पिच होने की उम्मीद है। इस मैदान का सर्वाधिक स्कोर 235 रन है जो आरसीबी ने बनाया था। वहीं सबसे बड़े लक्ष्य (214 रन) को हासिल भी यहां किया जा चुका है और ये कमाल मुंबई इंडियंस ने पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही किया था। ऐसे में आज के मैच में भी मुंबई लक्ष्य का पीछा ही करना चाहेगी।

आज कैसा रहेगा मुंबई का मौसम? (Mumbai Weather Today)

आईपीएल 2024 में मुंबई और राजस्थान के बीच आज खेला जाने वाला मैच मुंबई में होने जा रहा है। ऐसे में मुंबई के मौसम की चर्चा भी कर लेते हैं। आज मुंबई में धूप रहेगी, लेकिन साथ ही बादलों की आवाजाही भी चलती रहेगी। हालांकि बारिश की कोई आशंका नहीं है और एक दिलचस्प मुकाबला फैंस देख सकेंगे। हमेशा की तरह यहां उमस काफी होने वाली है जो गेंदबाजों और फील्डर्स की मुश्किलें बढ़ाने का काम करेगी, खासतौर पर मैच के दूसरे हिस्से में। तापमान की बात करें तो आज मुंबई का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान के 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने के आसार हैं।

मुंबई और राजस्थान की टीमें (MI vs RR SQUADS)

मुंबई इंडियंस टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्जी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन, अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी , नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, ल्यूक वुड, सूर्यकुमार यादव, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद और नेहल वढेरा।

राजस्थान रॉयल्स टीम: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नंद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, शुभम दुबे, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल, तनुष कोटियान, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा और शिमरोन हेटमायर।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article