क्रिकेट

लखनऊ-चेन्नई मैच की रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 23, 2024, 02:49 AM IST

आज (19 April 2024) आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा लखनऊ के मौसम का हाल।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स-चेन्नई सुपर किंग्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2024 में खेला जाएगा बड़ा मैच
  • लखनऊ सुपर जायंट्स की टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स से होगी
  • लखनऊ स्थित इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज फिर से उस दिन की बारी है जिसका करोड़ों फैंस को हमेशा इंतजार रहता है। आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला है, यानी एम एस धोनी एक बार फिर फैंस के बीच होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स का सामना होगा मेजबान टीम लखनऊ सुपर जायंटस से। ये मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच में भारत के एक अनुभवी और एक युवा खिलाड़ी दोनों टीमों की कमान संभालेंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स टीम की जिम्मेदारी केएल राहुल (KL Rahul) के कंधों पर होगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान होंगे रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad)। इस मैच का आगाज आज शाम 7.30 बजे से होगा, टॉस आधे घंटे पहले 7 बजे होगा।

लखनऊ और चेन्नई की टीमों के बीच होने वाले आईपीएल 2024 के मुकाबले से पहले आपको बताते हैं कि मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक कैसा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक टूर्नामेंट में 6 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 3 मैच जीते हैं और उतने ही हारे भी हैं। इस तरह वे 6 अंक लेकर अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में पांचवें पायदान पर हैं और आज का मैच जीतकर टॉप-4 में एंट्री हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। दूसरी तरफ है चेन्नई सुपर किंग्स जिसने अब तक सीजन में 6 मैच खेले हैं, जिसमें उनको 4 जीत मिली हैं और 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई के 8 अंक हैं और वे अंक तालिका में तीसरे पायदान पर हैं। अब जानते हैं कि आज जब लखनऊ-चेन्नई मैच होगा तो कैसी होगी इकाना स्टेडियम की पिच और आज कैसा होगा लखनऊ का मौसम।

लखनऊ सुपर जायंट्स-चेन्नई सुपर किंग्स

आज लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला आईपीएल 2024 का 34वां मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच की बात करें तो पिछले सीजन से ये काफी जुदा नजर आ रही है। इस बार ये इतनी धीमी नहीं है और यहां अब तक खेले गए मुकाबलों में खूब रन बने हैं। लखनऊ में खेले गए इस सीजन के पहले मैच में 199 रन बनाने के बाद लखनऊ ने पंजाब को 21 रन से मात दी थी। फिर दूसरे मैच में लखनऊ ने 163 रन बनाने के बाद गुजरात को 33 रनों से शिकस्त दी। वहीं तीसरे मैच में लखनऊ ने एक बार फिर पहले बल्लेबाजी की और 7 विकेट के नुकसान पर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 168 रनों का लक्ष्य सिर्फ 4 विकेट के नुकसान पर 18.1 ओवर में हासिल करके मेजबान टीम को घर में पस्त कर दिया। कुल मिलाकर यहां पर एक बार फिर बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलेगा और गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलेगी, जबकि स्पिनर्स भी बीच के ओवरों में अपना कमाल दिखाने में सक्षम होंगे।

आज कैसा होगा लखनऊ का मौसम?

आईपीएल में आज का लखनऊ-चेन्नई मैच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होगा। लखनऊ के मौसम की बात करें तो इन दिनों उत्तर भारत में गर्मी तेजी से बढ़ती जा रही है। आज यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और दिन में काफी धुंध भी रहेगी। उमस भी ज्यादा नहीं होगी। दिन काफी गर्म रहने वाला है और शाम को जब मैच होगा तब गर्मी का अहसास बहुत कम नहीं होने वाला। आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने का अनुमान हैं। जबकि न्यूजतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार भी ज्यादा नहीं होगी।

लखनऊ और चेन्नई की टीमें (LSG and CSK Squads)

चेन्नई सुपर किंग्स टीम: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी, अरावेली अवनीश, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, मोईन अली, शिवम दुबे, आरएस हंगरगेकर, रविंद्र जडेजा, अजय जादव मंडल, डेरिल मिशेल, प्रशांत सोलंकी, मथीसा पथिराना, शार्दुल ठाकुर, महेश तीक्षणा, समीर रिज्वी, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, निशांत सिंधू , दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मुस्तफिजुर रहमान और सिमरजीत सिंह।

लखनऊ सुपर जायंट्स टीम: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, शमर जोसेफ, मयंक यादव, मोहसिन खान, के गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मैट हेनरी, मोहम्मद अरशद खान, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन उल हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह और प्रेरक मांकड़।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article