शहर

Mumbai News: लालबाग गणेशोत्सव के दौरान बड़ा हादसा, करंट फैलने से 8 साल की बच्ची और महिला की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से 8 साल की बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हैं। यह हादसा तड़के कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग पर हुआ।

Image

लालबाग गणपति पंडाल के पास तड़के 2:20 बजे हादसा

Mumbai News: गणेशोत्सव के भारी उत्साह के बीच मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार तड़के एक गणपति पंडाल के पास करंट लगने से एक आठ साल की बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा तड़के करीब 2:20 बजे कालाचौकी स्थित दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय पूरे लालबाग क्षेत्र में गणेशोत्सव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।

2:42 बजे फायर ब्रिगेड को मिली सूचना, शुरू हुआ राहत-बचाव कार्य

नागरिक अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को तड़के 2:42 बजे दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बेस्ट (BEST) के तकनीकी दल और स्थानीय नागरिक वार्ड कार्यालय के अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में झुलसे लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। 5 घायलों को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया और अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

8 वर्षीय बच्ची और महिला ने तोड़ा दम

अस्पताल सूत्रों और नागरिक अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने 8 वर्षीय बच्ची रागिनी घनश्याम यादव को अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया और इलाज के दौरान एक महिला ने भी दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान और अन्य विवरण अभी सामने नहीं आई है। मसीना अस्पताल में भर्ती अन्य चार घायलों का इलाज जारी है, जिनकी पहचान किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) के तौर पर हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article