Chennai Super kings kaise pahuchegi Playoff Round main: आईपीएल 2024 में नए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की कमान में खेल रही डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स को 28 रन के अंतर से मात देकर सीजन में 11वें मैच में छठी जीत की और राहत की सांस ली। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके 9 विकेट पर 167 रन बना सकी थी। उसके ऊपर हार का खतरा मंडराने लगा था लेकिन गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए पंजाब किंग्स को 20 ओवर में 9 विकेट पर महज 139 रन बनाने दिए और मैच 28 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया।
जीतने होंगे बाकी बचे तीन में से कम से कम 2 मैच
पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में कोलकाता और राजस्थान के बाद तीसरे पायदान पर काबिज हो गई है। उसके खाते में 11 मैच में 6 जीत और 5 हार के साथ कुल 12 अंक हो गए हैं। उसका नेट रन रेट 0.700 का है। सीएसके सीजन में 3 मैच बचे हैं। उन तीन मैचों में से कम से कम दो मैच में उसे जीत दर्ज करनी होगी तभी 16 अंकों के साथ वो अपनी जगह प्लेऑफ में सुनिश्चित कर सकेगी। तीन मैच में जीत सोने पे सुहागा की तरह होगी और 14 मैच में 9 जीत के साथ सीएसके प्लेऑफ में पहुंचेगी।
इन टीमों से बाकी है सीएसके की भिड़ंत
चेन्नई सुपर किंग्स को सीजन के बाकी बचे तीन मैचों में गुजरात टाइटन्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ होनी है। गुजरात के साथ चेन्नई की भिड़ंत 10 मई को अहमदाबाद में होगी। राजस्थान रॉयल्स के साथ चेन्नई अपने घरेलू मैदान पर 12 मई को मुकाबला करेगी। वहीं लीग दौर का अंत आरसीबी के खिलाफ उसके घर पर 18 मई को करेगी। इन तीनों मैच में से राजस्थान के खिलाफ चेन्नई का मुकाबला सबसे अहम है। क्योंकि इस मुकाबले से लीग दौर के बाद टॉप-2 टीमों का निर्णय हो सकता है। गुजरात के खिलाफ मुकाबला अगर चेन्नई जीतती है तो गुजरात प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। ऐसा ही असर उसकी आरसीबी के खिलाफ जीत का भी पड़ेगा। चेन्नई के लिए तीनों मुकाबले कड़े हैं और इन मैचों का क्या परिणाम होगा इस बारें में फिलहाल कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है।
