क्रिकेट

IPL 2023: यशस्वी जायसवाल का बढ़ रहा यश, बने भारत के दूसरे सबसे तेज एक हजारी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 7, 2023, 08:59 PM IST

यशस्वी जायसवाल रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल सके लेकिन उन्होंने इस दौरान आईपीएल की रिकॉर्ड बुक्स के कुछ पन्नों में दूसरे सबसे तेज एक हजारी के रूप में दर्ज करा लिया।

Image

यशस्वी जायसवाल (साभार IPL/BCCI)

Yashasvi Jaiswal 1000 runs in IPL: राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल में खेलने वाले युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का यश वक्त के साथ बढ़ता जा रहा है। रविवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में यशस्वी ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वो 18 गेंद में 35 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट भी इस दौरान 194.44 का रहा।

आईपीएल में दूसरे सबसे तेज एक हजारी

यशस्वी ने अपनी इस छोटी सी आतिशी पारी के दौरान आईपीएल करियर में एक हजार रन पूरे कर लिए। वो आईपीएल में सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरे करने के मामले में साझा रूप से सुरेश रैना के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने करियर की 34वीं पारी में हजार रन पूरे किए। उनसे ज्यादा तेजी से ये कारनामा सचिन तेंदुलकर और रुतुराज गायकवाड़ ने किया है। इन दोनों को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल 31 पारियां खेलनी पड़ी।

उम्र के लिहाज से भी दूसरे पायदान पर

उम्र के लिहाज से देखें तो यशस्वी आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे कम उम्र में 1 हजारी भारतीय बन गए हैं। यशस्वी ने 21 साल 130 दिन की उम्र में ये कारनामा किया है। जबकि ऋषभ पंत 20 सल 218 दिन की उम्र में इस मुकाम पर पहुंच गए थे। यशस्वी ने सबसे कम उम्र के मामले में एक हजारी बनने की राह में पृथ्वी शॉ(21 साल 169 दिन), संजू सैमसन( 21 साल 183 दिन), शुभमन गिल( 21 साल 222 दिन) और देवदत्त पडिक्कल (21 साल 285 दिन) को पीछे छोड़ दिया।

स्ट्राइरेट के मामले में भी दूसरे स्थान पर

यशस्वी जायसवाल का ने आईपीएल में एक हजार रन सबसे कम गेंद में पूरे करने के मामले में भी दूसरे पायदान पर हैं। उनसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से एक हजार रन ऋषभ पंत ने पूरे किए थे। पंत का स्ट्राइक रेट 164 का था उन्होंने 35वीं पारी में ये मुकाम हासिल किया था। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 34 पारी में 146 के स्ट्राइक रेट से एक हजार रन पूरे किए हैं।

आईपीएल 2023 में मचा रहे हैं धमाल

यशस्वी जायसवाल का बल्ला आईपीएल 2023 में जमकर चला है। मौजूदा सीजन में अबतक खेले 11 मैच की 11 पारियों में एक बार भी नाबाद रहे बगैर यशस्वी ने 477 रन 43.36 के औसत और 160.60 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक जड़े हैं। 124 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ये पारी उन्होंने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेली थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article