ईरान और ओमान के बीच जहाजों की आवाजाही के लिए बने नए समुद्री समझौते के बाद ईरान ने साफ किया है कि इसे 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) के दोबारा खुलने के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने साफ शब्दों में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिलहाल सैन्य रूप से पूरी तरह बंद है और यह रास्ता कल नहीं खुलेगा।
'होर्मुज कल नहीं खुलेगा’
ईरानी अधिकारी ने मंगलवार रात एक टीवी कार्यक्रम में कहा कि ईरान और ओमान के बीच बनी सहमति का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया गया है। उन्होंने कहा, “होर्मुज कल नहीं खुलेगा।” उनके मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था केवल एक अस्थायी समुद्री रास्ता है।
ईरान और ओमान ने बनाया नया अस्थायी रास्ता
गरीबाबादी के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत फारस की खाड़ी में जाने वाले जहाज ईरानी जलक्षेत्र से होकर जाएंगे, जबकि बाहर निकलने के लिए ओमान के क्षेत्रीय जल का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरी व्यवस्था में जहाजों को ईरानी जलक्षेत्र से भी गुजरना होगा। ईरानी उप विदेश मंत्री ने इस नए मार्ग की तुलना एक ऐसी सड़क से की, जिस पर आने-जाने के लिए अलग व्यवस्था हो। उन्होंने बताया कि इस समुद्री मार्ग की कुल चौड़ाई करीब 7 मील होगी। हालांकि, यह व्यवस्था स्थायी नहीं है।
सिर्फ व्यापारिक जहाजों को मिलेगी अनुमति
ईरानी उप-विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान और ओमान को अगले 30 से 60 दिनों में एक नए स्थायी समुद्री मार्ग को लेकर बातचीत करनी होगी। यह नया रास्ता पहले से लागू समुद्री यातायात व्यवस्था की जगह ले सकता है। ईरानी अधिकारी के मुताबिक, मौजूदा समझौते के तहत सैन्य जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। केवल कमर्शियल जहाज ही इस समुद्री रास्ते का इस्तेमाल कर सकेंगे।
