क्रिकेट

IPL 2023: विराट कोहली बने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैन ऑफ द मैच, तोड़ा सुरेश रैना का रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 15, 2023, 10:38 PM IST

Virat Kohli, Player of the Match: विराट कोहली ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतकर सुरेश रैना को आईपीएल में एक और मामले में पीछे छोड़ दिया।

Image

विराट कोहली(साभार IPL/BCCI)

Most Man of The match Award Winner Indian in IPL: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली का आईपीएल 2023 में घमाकेदार प्रदर्शन लगातार जारी है। उन्होंने शनिवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 34 गेंद में 50 रन की पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। विराट को इस मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच खिताब जीतने के मामले में मिस्टर आईपीएल के नाम से विख्यात सुरेश रैना को पीछे छोड़कर चौथा स्थान हासिल कर लिया। विराट कोहली आईपीएल में 15वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

रोहित हैं सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय

आईपीएल में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीतने का भारतीय रिकॉर्ड मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे और 19वीं बार ये पुरस्कार अपने नाम किया था। रोहित के बाद दूसरे पायदान पर एमएस धोनी हैं वो 17 बार प्लेयर ऑफ द मैच बने हैं। धोनी के बाद यूसुफ पठान का नंबर आता है उन्होंने 16 बार ये पुरस्कार अपने नाम किया था। उनके बाद विराट कोहली(15) चौथे और सुरेश रैना(14) पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

आईपीएल 2023 में बोल रहा है विराट का बल्ला

विराट कोहली ने आईपीएल 2023 में चार मैच की चार पारियों में उन्होंने 214 रन 71.73 के औसत और 147.58 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 82 रन रहा है। ये पारी उन्होंने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में खेली थी। उसके बाद उन्होंने केकेआर के खिलाफ 21(18), लखनऊ के खिलाफ 61(44) रन की पारी खेली और अब दिल्ली के खिलाफ 34 गेंद में 50 रन बनाने में सफल रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article