रविवार को वर्ल्ड के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में हुए लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस मैच के बाद जो कुछ हुआ उसने सबको हैरान कर दिया। दरअसल इस मैच में मोहित शर्मा ने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट झटके थे, जबकि मोहम्मद शमी ने एक विकेट चटकाया। मैच के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी के दौरान जब भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को पर्पल कैप होल्डर का नाम लेना था तो वो थोड़ी गलती कर बैठे।
सुनील गावस्कर ने मोहम्मद शमी का नाम न लेकर मोहित शर्मा को पर्पल कैप होल्डर बताया। दरअसल मोहम्मद शमी 19 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में फिलहाल टॉप पर हैं, जबकि मोहित के खाते में केवल 12 विकेट है। गावस्कर ने गलती से शमी की जगह मोहित को शुभकामनाए देते हुए कहा 'पर्पल कैप रखने के लिए मोहित को बहुत-बहुत बधाई, यह आपको शमी से मिल रहा है।'
हालांकि, मोहित शर्मा ने फौरन उनकी गलती को ठीक किया और बोले कि पर्पल कैप होल्डर मोहम्मद शमी बने हैं न कि वो।
मोहित शर्मा ने हंसते हुए गावस्कर से कहा 'धन्यवाद सर लेकिन मैं इसे मोहम्मद शमी को दे रहा हूं।
मैच की बात करें तो गुजरात के खिलाफ लखनऊ को पहली जीत का इंतजार था, लेकिन उनका यह इंतजार खत्म नहीं हो सका। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने शुभमन गिल के 94 और रिद्दिमान साहा के 81 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 2 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। जवाब में मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी की धारदार गेंदबाजी के सामने लखनऊ सुपर जायंट्स की एक न चली और टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 171 रन ही बना सकी। लखनऊ की तरफ से सर्वाधिक 70 रन की पारी क्विंटन डीकॉक ने खेली।
यह चौथा मौका था जब गुजरात ने लखनऊ को हराया है। पिछले सीजन से लेकर अब तक दोनों टीम 4 बार एक दूसरे से खेल चुकी है, लेकिन लखनऊ को अब भी अपनी पहली जीत की तलाश है।
