IPL 2023, SRH vs MI Pitch Report Today Match and Weather Forecast: आज आईपीएल 2023 के 25वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना सर्वाधिक पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस से होगा। इस मैच में मेजबान टीम सनराइजर्स हैदराबाद होगी। ये मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। एक तरफ होगा विदेशी कप्तान तो दूसरी तरफ भारतीय। हैदराबाद की कमान एडेन मार्करम के हाथों में है, जबकि मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे दिग्गज भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा।
सनराइजर्स हैदराबाद की टूर्नामेंट में शुरुआत बेहद खराब रही थी जहां उन्होंने लगातार दो मैच गंवा दिए थे, लेकिन अब वो लगातार दो मुकाबले जीत चुके हैं और पूरी तरह लय में नजर आ रहे हैं। अपने पिछले मैच में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 23 रन से मात दी थी। वहीं मुंबई इंडियंस का हाल भी बिल्कुल ऐसा ही रहा। सीजन के शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद वे जीत की पटरी पर लौट चुके हैं और अपने पिछले दोनों मुकाबलों में विजयी साबित हुए हैं। अपने पिछले मैच में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से मात दी। दोनों टीमें आज अपनी लय बरकरार रखने उतरेंगी। अब आपको बताते हैं कि हैदराबाद की पिच रिपोर्ट कैसी होगी और आज कैसा रहेगा हैदराबाद के मौसम का हाल।
कैसी होगी हैदराबाद की पिच रिपोर्ट (SRH vs MI Pitch Report)
आज का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच हैदराबाद के होम ग्राउंड राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन में अब तक खेले गए दो मुकाबलों की नजर से देखें तो यहां बल्लेबाजों को काफी फायदा मिलने वाला है। यहां खेले गए इन दो मुकाबलों में किसी भी मैच की पारी में गेंदबाज पूरी टीम को नहीं समेट पाए। पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 8 विकेट पर 131 रन ही बना सकी। दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 9 विकेट पर 143 रन बनाए। जवाब में मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया और घरेलू मैदान पर इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। दोनों टीमों के पास शानदार बल्लेबाज मौजूद हैं, खासतौर पर मुंबई इंडियंस के पास। ऐसे में रनों की बारिश जरूर देखने को मिलेगी, खासतौर पर जो टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी, उसके बाद ज्यादा मौका रहेगा।आज कैसा रहेगा हैदराबाद का मौसम (Hyderabad Weather Today)
सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला हैदराबाद में खेला जाना है। यहां के मौसम की बात करें तो फैंस और टीमों के लिए ये राहत की खबर हैं कि बारिश का कोई अनुमान नहीं है और एक 20-20 ओवर के पूरे मुकाबले का लुत्फ उठाया जा सकेगा। दिन में धूप रहेगी लेकिन आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे। हालांकि इससे गर्मी कम नहीं होने वाली। वहीं उमस भी काफी रहेगी जो बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को ज्यादा परेशान कर सकती है। तापमान की बात करें तो हैदराबाद में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण का ये 25वां मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा और टॉस 7 बजे होगा। हैदराबाद की टीम को एक बार फिर अपने कप्तान एडेन मार्करम के अलावा इस सीजन के पहले शतकवीर हैरी ब्रुक के साथ-साथ तेज गेंदबाज उमरान मलिक से काफी उम्मीदें होंगी। जबकि मुंबई की टीम में रोहित शर्मा, ईशान किशन, कैमरन ग्रीन सहित कई ऐसे खिलाड़ी होंगे जो छाप छोड़ सकते हैं।
