राजस्थान ने कोलकाता को उसके घर ईडेन गार्डन्स में 9 विकेट से हरा दिया। राजस्थान के सामने जीत के लिए 150 रन की लक्ष्य था, लेकिन यशस्वी जायसवाल के नाबाद 98 और संजू सैमसन के 48 रन की पारी के दम पर उसने यह लक्ष्य केवल 13.1 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान की टीम के 12 अंक हो गए हैं और वह अब गुजरात और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
जीत के बाद कप्तान संजू सैमसन ने यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा 'आज हमने कुछ नहीं किया बस यशस्वी को बल्लेबाजी करते हुए देख रहा था। हम सब अब यशस्वी की ऐसी बल्लेबाजी के अभ्यस्त हो गए हैं, यहां तक कि गेंदबाज भी जानते हैं कि वह पावरप्ले में कैसे बल्लेबाजी करता है। उन्हें पावरप्ले में बल्लेबाजी करने में मजा आता है।
युजवेंद्र चहल को बताया लीजेंड
इस मैच में युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 25 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही आईपीएल में अब उनके कुल विकेट की संख्या 187 हो गई है और वह इस लीग के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं।
चहल की तारीफ करते हुए संजू ने कहा 'मुझे लगता है कि अब उन्हें लेजेंड का टैग देने का समय आ गया है। हम उन्हें फ्रेंचाइजी में पाकर आभारी हैं। उन्हें कभी कुछ बताना नहीं होता है। बस उन्हें बॉल थमा दो वह जानते हैं कि उन्हें क्या करना है? वह डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी करते हैं, जो एक कप्तान के रूप में मेरे लिए बहुत सुखद है।
हमें अभी दो क्वार्टर फाइनल और खेलने हैं, आईपीएल में दबाव कभी कम नहीं होता। हर मैच, हर ओवर महत्वपूर्ण है। आप समझ सकते हैं कि जब जोस बटलर जैसा दिग्गज जायसवाल के लिए अपना विकेट फेंकता है तो माहौल कैसा होता है। आज बहुत खुश हूं लेकिन अभी कुछ और मैच बाकी हैं।
आपको बता दें कि अब राजस्थान को दो और मुकाबले खेलने हैं। राजस्थान को 14 मई को आरसीबी और 19 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेलना है।
