क्रिकेट

IPL 2023: राशिद खान ने फिर दिखाया फिरकी का कमाल,विकेटों के चौकों से मुंबई पलटन हुई बेहाल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 12, 2023, 09:26 PM IST

अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने गुजरात टाइटन्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपनी फिरकी से धमाल मचाया और अच्छी शुरुआत के बाद मुंबई की पलटन को बैकफुट पर धकेल दिया।

Image

राशिद खान(साभार IPL/BCCI)

मुंबई: आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेल रहे अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने शुक्रवार को मुंबई के खिलाफ उसके ही घर में चमक बिखेरी और उसके टॉप ऑर्डर को धराशाई कर दिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियन्स को रोहित शर्मा और इशान किशन की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 6 ओवर में 61 रन बगैर किसी नुकसान के जोड़ लिए थे। ऐसे में पॉवरप्ले के खत्म होते ही राशिद ने अपनी फिरकी का करिश्मा दिखाया और जल्दी-जल्दी रोहित शर्मा, ईशान किशन और नेहाल वढेरा के विकेट चटकाकर मुंबई को 88 रन पर 3 विकेट पर ला पटका।

एक ही ओवर में किया रोहित और ईशान का शिकार

रोहित और ईशान किशन की आतिशी बल्लेबाजी के बीच कप्तान हार्दिक ने पारी के पांचवें ओवर में ही राशिद के हाथों में गेंद थमा दी थी। राशिद ने पहले ओवर में केवल 7 रन देकर रनों की रफ्तार पर लगाम लगाई। लेकिन पॉवरप्ले के खत्म होते ही राशिद अपने जाने पहचाने रंग में नजर आए। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा को स्लिप में राहुल तेवतिया के हाथों कैच कराकर मुंबई को पहला झटका दिया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने ईशान किशन को एलबीडब्लू करके पवेलियन वापस भेज दिया। अचानक से मुंबई का स्कोर 66 रन पर 2 विकेट हो गया।

30 रन देकर चटकाए 4 विकेट

जल्दी जल्दी दो विकेट चटकाने के बाद राशिद यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे नेहाल वढेरा को चलता कर दिया। वढेरा 15 रन की पारी खेलने के बाद राशिद की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। इस तरह राशिद ने अपने पहले स्पेल का अंत 3 ओवर में 19 रन पर 3 विकेट के साथ किया। इसके बाद कप्तान हार्दिक ने राशिद को दोबारा गेंदबाजी के लिए 17वें ओवर में बुलाया। उन्होंने इस बार भी उन्हें निराश नहीं किया। विष्णु विनोद के बाद मैदान पर बल्लेबाजी करने आए टिम डेविड को फॉलो थ्रू में कैच आउट करके पवेलियन वापस भेज दिया। राशिद ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट के साथ मैच में अपने कोटे का अंत किया।

फिर किया पर्पल कैप पर कब्जा

राशिद खान ने मुंबई के खिलाफ 4 विकेट चटकाकर सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में पहले स्थान पर कब्जा कर लिया। उनके खाते में 12 मैच में 16.76 के औसत और 8.04 की इकोनॉमी से 23 विकेट हो गए हैं। उन्होंने विकेटों की रेस में युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ा। चहल के खाते में 21 विकेट दर्ज हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article