क्रिकेट

IPL 2023, RR vs DC Match Preview: आज राजस्थान के रॉयल्स के सामने है दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती, जानिए कैसे होगी पार

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 8, 2023, 06:00 AM IST

RR vs DC, Rajasthan Royals vs Delhi Capitals Preview: आज गुवाहाटी के बासापारा क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान राजस्थान रॉयल्स की टक्कर दिल्ली कैपिटल्स से होगी। राजस्थान की कमान जहां संजू सैमसन के हाथों में होगी जबकि दिल्ली कैपिटल्स डेविड वॉर्नर की कमान में जीत की पटरी पर वापस आने की कोशिश करेगी।

Image

आईपीएल 2023, राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, मैच प्रीव्यू

RR vs DC, IPL Match Preview: बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण पहले दो मैचों में हार का सामना करने वाले दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अगर जीत का खाता खोलना है तो उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले मैच में बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी।

दिल्ली के बल्लेबाजों का डिगा हुआ है आत्मविश्वास

पहले दो मैचों में मार्क वुड और अल्जारी जोसेफ जैसे गेंदबाजों ने पृथ्वी शॉ और सरफराज खान जैसे दिल्ली के बल्लेबाजों को दहशत में डाल दिया था। इन प्रतिभाशाली बल्लेबाजों का आत्मविश्वास अभी डिगा हुआ है और ऐसे में उनके लिए ट्रेंट बोल्ट, केएम आसिफ और जेसन होल्डर जैसे गेंदबाजों का सामना करना आसान नहीं होगा।

बटलर के खेलने पर है संदेह

इसके अलावा राजस्थान के पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल जैसे स्पिनर है जो बारसपारा स्टेडियम की बल्लेबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में भी विरोधी टीम को परेशानी में डाल सकते हैं। आक्रामक सलामी बल्लेबाज जोस बटलर का इस मैच में खेलना संदिग्ध है जो दिल्ली के लिए अच्छी खबर हो सकती है। बटलर पिछले मैच में कैच लेते समय चोटिल हो गए थे और उनके बाएं हाथ की छोटी उंगली में टांके लगे हैं। यदि बटलर नहीं खेल पाते हैं तो जो रूट हो उनके स्थान पर अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है।

कागज पर मजबूत है दिल्ली की टीम

ऋषभ पंत की अनुपस्थिति के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी कागजों पर मजबूत नजर आती है लेकिन शॉ और सरफराज जैसे बल्लेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का सामना करने में परेशानी हो रही है। बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण दिल्ली को पहले दोनों मैच गंवाने पड़े। टीम का सबसे कमजोर पक्ष उसके पास अनुभवी भारतीय बल्लेबाजों का अभाव है।

सरफराज की जगह दूसरे खिलाड़ी को मिल सकता है मौका

यदि कोचिंग स्टाफ सरफराज की जगह किसी नए बल्लेबाज को रखना भी चाहेगा तो दिल्ली के पास यश धुल, रिपल पटेल और ललित यादव के रूप में ही विकल्प मौजूद हैं। इनमें से कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं है जिसने 150 की स्ट्राइक रेट से लगातार रन बनाये हो।

राजस्थान के बल्लेबाज मचा रहे हैं धमाल

जहां तक राजस्थान रॉयल्स की बात है तो सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं और वह एनरिक नॉर्खिया, खलील अहमद और कुलदीप यादव जैसे गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने अपना पिछला मैच गंवाया था लेकिन इसके बावजूद वहां इस मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

दिल्ली कैपिटल्स:

डेविड वॉर्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, मिचेल मार्श, सरफराज खान, अमन हाकिम खान, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, खलील अहमद, कुलदीप यादव, रोवमैन पॉवेल, रिली रोसो, एनरिक नॉर्खिया, मुस्तफिजुर रहमान, चेतन सकारिया, मुकेश कुमार, फिल साल्ट, लुंगी नगिडी, प्रवीण दुबे, ललित यादव, रिपल पटेल, विक्की ओस्तवाल, ईशांत शर्मा, मनीष पांडे, कमलेश नागरकोटी, यश धुल।

राजस्थान रॉयल्स:

संजू सैमसन (कप्तान), जोस बटलर (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, रियान पराग, शिमरॉन हेटमेयर, जेसन होल्डर, युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, केएम आसिफ, ट्रेंट बोल्ट, ध्रुव जुरेल, कुणाल सिंह राठौर, नवदीप सैनी, कुलदीप सेन, कुलदीप यादव, जो रूट, डोनोवन फरेरा, केसी करियप्पा, अब्दुल बासित, ओबेद मैकॉय, आकाश वशिष्ठ, संदीप शर्मा, एडम जम्पा, मुरुगन अश्विन।

मैच दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।

End of Article