क्रिकेट

आईओसी और ओसीए अध्यक्ष 20 सितंबर को एशियाई खेलों के एथलीट गांव का दौरा करेंगे

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति 19 सितंबर को एथलीट गांव का दौरा करेगी। आइची-नागोया एशियाई खेलों में पारंपरिक एथलीट गांव नहीं बनाया गया है।

Image

मनसुख मंडाविया (साभार-X)

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री और एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमाद अल थानी 19 सितंबर को उद्घाटन समारोह के एक दिन बाद 20 सितंबर को आइची-नागोया एशियाई खेलों के एथलीट गांव का दौरा करेंगे। सोमवार को यहां हुई दल प्रमुखों की बैठक में बताया गया कि कोवेंट्री और थानी गांव के गार्डन पियर क्षेत्र का दौरा करेंगे और विभिन्न राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों (एनओसी) के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। दोनों अध्यक्ष 20 सितंबर को सुबह 11 बजे गार्डन पियर जाएंगे। इससे एक दिन पहले 19 सितंबर को एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह होगा।

आइची-नागोया एशियाई खेलों में पारंपरिक एथलीट गांव नहीं बनाया गया है। 45 एनओसी के खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था एक क्रूज जहाज, गार्डन पियर में बनाए गए एशियाई खेलों के अस्थायी विला और नागोया शहर तथा आइची प्रांत के विभिन्न होटलों में की गई है। क्रूज जहाज मंगलवार को नागोया बंदरगाह के किंजो पियर पर पहुंचेगा जहां दोपहर एक बजे स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ी अगले दिन से जहाज पर सवार होना शुरू करेंगे।

दल प्रमुखों की बैठक में टीम स्वागत समारोहों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। ये समारोह 16 से 18 सितंबर तक गार्डन पियर स्थित एथलीट्स प्लाजा के ’एथलीट्स इंटरैक्शन एरिया’ में आयोजित किए जाएंगे। हर दिन तीन समारोह सुबह 10 बजे, दोपहर 1:30 बजे और शाम पांच बजे होंगे। प्रत्येक समारोह 30 मिनट का होगा। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, एनओसी के ध्वज का आरोहण, राष्ट्रगान और स्मृति-चिह्नों का आदान-प्रदान शामिल होगा। प्रत्येक दिन पहले सत्र के दौरान वृक्षारोपण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

दो ताइक्वांडो खिलाड़ियों वाली ओसीए शरणार्थी टीम/एशियाई शरणार्थी टीम का 18 सितंबर को सुबह 10 बजे एथलीट गांव में आधिकारिक रूप से स्वागत किया जाएगा। बैठक में प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों को यह भी बताया गया कि सुरक्षा एवं संरक्षण अधिकारियों की बैठक 21 सितंबर को होगी। वहीं, एनओसी टीम के डॉक्टरों की बैठकें 18 सितंबर और तीन अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी।

ई-स्पोर्ट्स ड्रॉ 17 सितंबर को होगा। वहीं एशियाई खेलों के दौरान होने वाले ओसीए एथलीट समिति के चुनाव से जुड़ी जानकारी 16 सितंबर को होने वाली अगली दल प्रमुख बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। एशियाई खेलों का उद्घाटन 19 सितंबर को होगा और इनका समापन चार अक्टूबर को किया जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article