क्रिकेट

Cricketers from Kanpur: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इन 3 खिलाड़ियों का रहा है कानपुर कनेक्शन, एक नाम है चौंकाने वाला

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 29, 2022, 07:28 PM IST

Cricketers who have Kanpur connection: आजादी से पहले से उत्तर प्रदेश का शहर कानपुर क्रिकेट की पाठशाला रह चुका है। लेकिन दशकों बीत गए और चुनिंदा नाम ही ऐसे रहे जिनका कानपुर से कोई कनेक्शन रहा हो और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का गौरव हासिल हुआ हो। हम यहां ऐसे ही तीन खिलाड़ियों की बात करने जा रहे हैं।

Image

ग्रीन पार्क स्टेडियम कानपुर (BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर और क्रिकेट का कनेक्शन
  • उत्तर प्रदेश के कानपुर से किन क्रिकेटर्स का रहा है कनेक्शन
  • एक पूर्व क्रिकेटर का नाम है चौंकाने वाला

Kanpur Cricket connection, Kanpur News: उत्तर प्रदेश की उद्योगिक नगरी कानपुर (Kanpur) आज की तारीख में व्यवसाय, इंडस्ट्रीज और खासतौर पर चमड़ा उद्योग के लिए मशहूर है, लेकिन शहर में क्रिकेट का शौक और प्रतिभा भी दशकों से पनपती रही है। आजादी से पहले भी अंग्रेजों ने इस शहर को छावनी बनाया हुआ था और उस दौरान भी कानपुर में खूब क्रिकेट खेला जाता था। बाद में धीरे-धीरे ये क्रिकेट की पाठशाला में भी तब्दील हो गया। कानपुर का ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम और उसका क्रिकेट हॉस्टल कई शानदार क्रिकेटर्स का गवाह रह चुका है। बस टीस इतनी सी है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचने वालों में सिर्फ तीन क्रिकेटर्स का कानपुर कनेक्शन रहा है।

कुलदीप यादव

देखा जाए तो मौजूदा भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिनका कानपुर से सीधा कनेक्शन है और वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने में सफल रहे हैं। कुलदीप का जन्म कानपुर में ही हुआ। उनका जन्म 14 दिसंबर 1994 को इसी शहर में हुआ और यहीं कोच कपिल पांडे से क्रिकेट का पाठ सीखते-सीखते राज्य स्तरीय क्रिकेट से लेकर टीम इंडिया तक का सफर तय किया। आज वो विश्व क्रिकेट में एक जाना माना नाम बन चुके हैं।

मोहम्मद कैफ

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ का जन्म तो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था, लेकिन क्रिकेट में जो मुकाम उन्होंने हासिल किया उसमें कानपुर का सबसे अहम कनेक्शन रहा। दरअसल, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम हॉस्टल से ही की थी। उनके पिता भी रेलवे और उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम से खेल चुके थे, जबकि भाई मोहम्मद सैफ भी यूपी टीम से खेले हुए हैं। कैफ ने कम उम्र में कानपुर में रहते हुए ही क्रिकेट सीखा और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर तय किया। वो एक शानदार बल्लेबाज और बेहतरीन फील्डर साबित हुए।

बॉब वूल्मर

कुलदीप यादव का जन्म कानपुर में हुआ, मोहम्मद कैफ ने क्रिकेट कानपुर में सीखा और अब जिस नाम की हम बात करने जा रहे हैं वो चौंकाने वाला है। दरअसल, ये है स्वर्गीय पूर्व क्रिकेटर व कोच बॉब वूल्मर। उन्होंने क्रिकेट तो इंग्लैंड के लिए खेला लेकिन उनका जन्म कानपुर में ही हुआ था। वूल्मर का जन्म 14 मई 1948 को ग्रीन पार्क स्टेडियम के ठीक सामने मौजूद मैकरॉबर्ट अस्पताल में हुआ था। उनके पिता उस समय युनाइटेड प्रोविंस (अब उत्तर प्रदेश) के लिए क्रिकेट खेला करते थे। बाद में वे इंग्लैंड गए, वहीं वूल्मर ने क्रिकेट सीखा और इंग्लैंड का दिग्गज क्रिकेटर बनने के साथ-साथ वो एक सफल कोच भी बने।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article