क्रिकेट

Test Ranking : कंगारुओं को धूल चटाने वाले इस भारतीय गेंदबाज ने टॉप-10 में बनाई जगह

  • Edited by: शेखर झा
  • Updated Feb 22, 2023, 04:15 PM IST

भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कहर जारी है। इस प्रदर्शन का फायदा उनको पुरूष टेस्ट रैंकिंग में मिला है। अब वे टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में इस स्थान पर पहुंच गए हैं।

Image

रोहित शर्मा टीम के अन्य साथियों के साथ। (फोटो - रवींद्र जडेजा के ट्विटर से)

Photo : Twitter

दुबई। ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ लगातार विकेट चटकाने वाले भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टेस्ट गेंदबाजी रैकिंग में लंबी छलांग लगाई है। वे अब टॉप-10 में पहुंच गए हैं। उन्होंने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजों को अपनी गेंद से अच्छा खास परेशान किया है। इसी तरह रवि अश्विन ने भी टेस्ट रैकिंग में छलांग लगाई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों में भारत 2-0 से आगे है। इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर टीम को जीत दिलाने में मदद की है।

अब रैंकिंग में जडेजा को मिला यह स्थान

भारत के रवि अश्विन बुधवार को जारी ताजा आईसीसी पुरूष टेस्ट रैंकिंग में एक पायदान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए, जबकि रवींद्र जडेजा सात पायदान के लाभ के साथ टॉप-10 गेंदबाजों में शामिल हुए। जडेजा नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट चटकाने के बाद नौवां स्थान हासिल करने में सफल रहे। वह सितंबर 2019 के बाद पहली बार शीर्ष 10 में पहुंचे हैं।

चोटिल बुमराह भी टॉप-10 में बरकरार

चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टॉप-10 में शामिल एक अन्य भारतीय गेंदबाज हैं। वह पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन सूची में शीर्ष पर हैं, लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस दो पायदान के नुकसान क साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अक्षर पटेल अपनी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑलराउंडर सूची में टॉप-5 में शामिल हो गए, जिसके शीर्ष पर जडेजा और अश्विन मौजूद हैं।

पंत छठे स्थान पर बरकरार

ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में टॉप पर बरकरार हैं, जिनके बाद स्टीव स्मिथ दूसरे और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम तीसरे स्थान पर हैं। भारत के रिषभ पंत कार दुर्घटना के बाद अनिश्चित समय तक क्रिकेट से बाहर हैं, लेकिन वह छठे स्थान पर कायम हैं, जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपना सातवां स्थान बरकरार रखा है। इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप (23वें), हैरी ब्रुक (31वें) और बेन डकेट (38वें) तथा न्यूजीलैंड के टॉम ब्लंडेल (11वें) और डेवोन कॉन्वे (17वें) ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल कर ली है।

(एजेंसी इनपुट के साथ )

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article