क्रिकेट

ICC T20 Ranking: आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार, जानिए किस पायदान पर है कौन सा खिलाड़ी

भारतीय खिलाड़ियों का एशिया कप 2025 में अभियान से पहले जारी आईसीसी की टी20आई रैंकिंग में जलवा बरकरार है। जानिए किन्हें मिला है ताजा रैंकिंग में फायदा।

Image

अभिषेक शर्मा (फोटो क्रेडिट Abhishek Sharma Instagram)

दुबई: भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह बुधवार को जारी नवीनतम आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में क्रमश: छठे और 10वें स्थान पर पहुंच गए। वरुण चक्रवर्ती चौथे स्थान के साथ भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले गेंदबाज बने हुए हैं जबकि बिश्नोई, अर्शदीप और अक्षर पटेल एक-एक स्थान के फायदे के साथ क्रमश: छठे, 10वें और 13वें स्थान पर हैं।

पहले पायदान पर बरकरार हैं अभिषेक शर्मा

बल्लेबाजी रैकिंग में अभिषेक शर्मा 829 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं जबकि तिलक वर्मा दूसरे और कप्तान सूर्यकुमार यादव छठे पायदान पर हैं। एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे यशस्वी जायसवाल एक स्थान के नुकसान से 11वें स्थान पर हैं। वह एशिया कप के लिए पांच रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं। रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन दोनों एक-एक स्थान के फायदे से 26वें और 34वें स्थान पर हैं।

हार्दिक बने हुए हैं टी20आई में नंबर वन ऑलराउंडर

ऑलराउंडर की सूची में हार्दिक पंड्या 252 रेटिंग अंक के साथ नंबर एक ऑलराउंडर बने हुए हैं। यूएई, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच त्रिकोणीय श्रृंखला की समाप्ति के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग जारी की गई है। पाकिस्तान ने फाइनल में अफगानिस्तान को 75 रन से हराकर त्रिकोणीय श्रृंखला जीती।

शुभमन गिल वनडे में हैं दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज

एकदिवसीय रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों में शुभमन गिल नंबर एक पर बरकरार हैं। कप्तान रोहित शर्मा (दूसरे), विराट कोहली (चौथे) और श्रेयस अय्यर (आठवें) की रैंकिंग में भी कोई बदलाव नहीं आया है। एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के कुलदीप यादव एक स्थान के नुकसान से चौथे जबकि रविंद्र जडेजा दो स्थान के नुकसान से 10वें स्थान पर हैं। मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज भी दो-दो स्थान के नुकसान से क्रमश: 14वें और 15वें स्थान पर हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article