IPL Final: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण का फाइनल मुकाबला एक अनोखा मुकाबला बन गया। एक ऐसा फाइनल जो तीन तारीखों में खिंचा। पहले दिन 28 मई को बारिश की वजह से मैच नहीं हुआ, उसके बाद दूसरे दिन 29 मई को टॉस हुआ गुजरात टाइटंस की पारी भी हुई लेकिन फिर बारिश आई और ऐसी बारिश आई कि मैच ओवर घटाने के बाद दोबारा रात 12 बजे के बाद शुरू हो सका यानी 30 मई को। फिर भी फैंस ने स्टेडियम नहीं छोड़ा और इस बड़े मुकाबले को देखने के लिए डटे रहे। उधर इंग्लैंड में भी कुछ-कुछ ऐसा ही नजारा था।
लंदन में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ी (जो आईपीएल से बाहर हो चुके हैं) तैयारी कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल 7 जून से शुरू होना है। इसी बीच बस से सफर करते हुए भारतीय क्रिकेट टीवी से चिपके नजर आए और आईपीएल फाइनल पर लगातार उनकी निगाहें टिकी रहीं।
आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के कुछ भारतीय खिलाड़ियों को भी जल्द से जल्द इंग्लैंड रवाना होना होगा। वे भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं।
