स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कार के लिए चुने गए 131 हस्तियों की लिस्ट जारी की। इसमें खेल जगत से कुल 9 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इसमें अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और साल 2025 में चैंपियन ट्रॉफी जिताने वाले रोहित शर्मा का नाम शामिल है। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम भी शामिल है, जिनकी कप्तानी में महिला टीम इंडिया ने साल 2025 में खेले गए आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए पहली बार खिताब जीता।
रोहित शर्मा का नाम वर्ल्ड क्रिकेट के महान खिलाड़ियों और कप्तानों में गिना जाता है। बतौर कप्तान भी रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने मात्र एक मैच हारी थी। वो हार फाइनल में मिली थी। इसके बाद साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान रोहित कप्तानी में भारतीय टीम अपराजेय रही और 17 साल बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता।
रोहित और हरमन ने रचा इतिहास
इसके अलावा साल 2025 में खेली गई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को भी भारतीय टीम ने रोहित की कप्तानी में जीता। वहीं, हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट में पहली ऐसी कप्तान बनीं, जो आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही हैं। जिसकी नींव अंजुम चोपड़ा, मिताली राज और झूलन गोस्वामी ने रखी थी। इन दोनों के अलावा टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी प्रवीण कुमार का भी पद्म श्री अवॉर्ड के लिए चुने गए खिलाड़ियों की लिस्ट में नाम शामिल है।
मरणोंपरांत रेसलिंग कोच को मिला सम्मान
अन्य नामों में पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज का नाम शामिल है, जिनको पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खेल जगत से पद्म श्री के लिए चुने गए नामों में सविता पूनिया, के पजनीवेल, बलदेव सिंह, भगवानदास रायकवार और जॉर्जिया के व्लादिमीर मेस्टविरिशविली का नाम शामिल है। व्लादिमीर मेस्टविरिशविली भारतीय रेसलिंग के कोच रहे हैं। उन्हें मरणोंपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है।
