स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने कहा है कि ’बाहरी चीजों’ से दूर रहने से उन्हें मैदान के अंदर और बाहर दबाव वाली स्थितियों से निपटने में मदद मिलती है। गिल रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी एकदिवसीय मैच में भारत की कप्तानी करेंगे और अगर मेहमान टीम जीत दर्ज करती है तो सीरीज 2-1 से अपने नाम कर लेगी।
शनिवार को लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गिल ने कहा, 'मैं दबाव से निपटने के लिए उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करता हूं जो मेरे नियंत्रण में हैं और खुद को बाहरी चीजों से दूर रखता हूं। पिछले कुछ समय में चोटों से परेशान रहे भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने वापसी के लिए प्रेरित करने के लिए अपने साथियों का शुक्रिया अदा किया।
श्रेयस ने खिलाड़ियों को कहा थैंक्यू
ब्रिटेन में भारत के उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे द्वारा आयोजित इस सत्र के दौरान श्रेयस ने कहा, 'मैं बस अस्पताल से बाहर निकलना चाहता था। टीम के सदस्यों के फोन कॉल ने मुझे ट्रेनिंग में लौटने और मजबूत होकर वापसी करने के लिए बहुत प्रेरित किया।'
गंभीर ने ब्रिटेन को बताया खास जगह
हेड कोच गौतम गंभीर ने ब्रिटेन को एक ’खास जगह’ बताया। क्योंकि दोनों देशों के बीच का इतिहास ऐसा है जिसे ’कभी भुलाया नहीं जा सकता और ना ही कभी भुलाया जाना चाहिए’। गंभीर ने कहा, 'भारतीय क्रिकेट सिर्फ ड्रेसिंग रूम में बैठे लोगों का नहीं है। यह हर उस ईमानदार भारतीय क्रिकेट प्रशंसक का है जो निस्वार्थ और बिना किसी शर्त के हमारा समर्थन करता है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खिलाड़ियों से कहा कि वे मैच से पहले सोशल मीडिया से दूर रहें और अपने-अपने खेल पर ध्यान दें। इंडिया हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुक्ला ने कहा, भारत में समस्या यह है कि 99 प्रतिशत लोग क्रिकेट के विशेषज्ञ हैं, इसलिए सोशल मीडिया से बचने की कोशिश करें। टीम इंडिया में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, उनमें प्रतिभा भरी पड़ी है।'
भारतीय टीम लॉर्ड्स में आज सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी। मैच में रोहित शर्मा पर फैंस की खास निगाहें रहेंगी। कुछ दिन पहले रिपोर्ट आई की रोहित लॉर्ड्स में आखिरी बार भारतीय जर्सी में खेलने उतरेंगे। हालांकि, बीसीसीआई सचिव ने बयान जारी कर इसे निराधार बताया। उन्होंने कहा कि रोहित टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उन्होंने आगे कहा कि रोहित भारतीय वनडे टीम के रेगुलर सदस्य हैं और जब तक वे टीम की योजनाओं का हिस्सा रहेंगे, तब तक देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।
