क्रिकेट

लंदन में हुई विराट कोहली और एकनाथ शिंदे की मुलाकात, दिग्गज क्रिकेटर से क्या बोले महाराष्ट्र के डिप्टी CM

Virat Kohli Meets Eknath Shinde: विराट कोहली ने लंदन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद डिप्टी CM शिंदे ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की।

Image

विराट कोहली से मिले एकनाथ शिंदे (फोटो साभार- ANI)

Virat Kohli Meets Eknath Shinde: भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शुक्रवार को लंदन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी, जिसके दौरान दोनों के बीच खेल, बुनियादी ढांचे और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद डिप्टी CM शिंदे ने ANI से बात करते हुए विराट कोहली की जमकर तारीफ की और उन्हें "जमीन से जुड़ा हुआ" इंसान बताया। शिंदे ने कहा, "विराट कोहली लंदन में रहते हैं, और जब उन्हें पता चला कि मैं यहां हूं, तो वह सद्भावना भेंट के लिए मुझसे मिलने आए। मुझे खुशी हुई कि भारत के इतने बड़े क्रिकेटर, सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी इतने डाउन-टू-अर्थ हैं। हम पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन आज सीधे हुई बातचीत से मैं विशेष रूप से खुश हूं।"

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम से मिले विराट

उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने विराट को महाराष्ट्र में चल रही कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। शिंदे ने कहा, "मैंने उन्हें महाराष्ट्र की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। मैंने इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात की और उन्होंने खुद कहा कि महाराष्ट्र ने पिछले कुछ वर्षों में जो विकास देखा है, वह अभूतपूर्व है।" डिप्टी CM ने विराट के साथ भविष्य की योजनाओं और चल रही परियोजनाओं जैसे एयरपोर्ट के पास 'थर्ड मुंबई' डेवलपमेंट, अटल सेतु, बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग, कोस्टल रोड, मेट्रो और स्कूल व स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी पहलों पर भी चर्चा की।

शिंदे ने कहा, "हमने इन सभी मामलों पर चर्चा की। राज्य वर्तमान में GDP, स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर और FDI में नंबर वन पर है। उन्हें महाराष्ट्र में हो रहे बदलाव के बारे में सुनकर खुशी हुई। मुझे जो पुरस्कार मिला वह भी इन्हीं विषयों पर आधारित था - इंफ्रास्ट्रक्चर, विकास, 'लाडकी बहन' योजना और 'सरकार आपके द्वार' पहल।" दोनों के बीच नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने को लेकर भी बात हुई।

विराट का वनडे फॉर्म शानदार

क्रिकेट की बात करें तो विराट इस साल वनडे में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 6 पारियों में 64.00 की औसत से 384 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। वह 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में अपने 100वें शतक की ओर एक और कदम बढ़ाएंगे। फिलहाल उनके नाम 85 शतक हैं और वह वनडे में 15,000 रन से सिर्फ 59 रन दूर हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article