क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025 Final IND W vs SA W: भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच होगी खिताबी जंग, मिलेगा नया वर्ल्ड चैंपियन

भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार 2 नवंबर को नवी मुंबई में खेला जाएगा। आइए जानते हैं इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम, विमेंस वर्ल्ड कप 2025 फाइनल

Photo : AP

नवी मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम को रोमांचक हाई स्कोरिंग सेमीफाइनल मुकाबले में पटखनी देकर आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। जहां हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया की खिताबी भिड़ंत लौरा वॉलवर्ट की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम के साथ होगी। जो पिछले बार की उपविजेता इंग्लैंड को 125 रन के बड़े अंतर से मात देकर फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही है। फाइनल मुकाबले से एक बात तो तय हो गई है खिताब कोई भी टीम जीते लेकिन महिलाओं के वनडे क्रिकेट में नया वर्ल्ड चैंपियन मिलना तय है।

तीसरी बार फाइनल में पहुंची है टीम इंडिया

भारतीय महिला क्रिकेट टीम तीसरी बार महिलाओं के वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम इंडिया साल 2005 और 2017 में फाइनल में पहुंची लेकिन खिताब अपने नाम करने से चूक गई। साल 2005 में मिताली राज की कप्तानी वाली टीम बेलिंडा क्लार्क की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से खिताबी मुकाबला जीतने में नाकाम रही थी। वहीं साल 2017 में भी मिताली राज की कप्तानी वाली टीम को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में 8 साल बाद टीम इंडिया विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करने में सफल रही है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम पहली बार फाइनल में पहुंचने में सफल हुई है। इससे पहले दो बार सेमीफाइनल में अफ्रीकी टीम का सफर खत्म हो गया था। लौरा वॉलवर्ट की टीम के पास पहली बार फाइनल में खेलते हुए खिताब अपने नाम करने का शानदार मौका है।

नवी मुंबई में खेला जाएगा फाइनल मैच

नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में 2 नवंबर, 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। लीग राउंड के मैचों में दक्षिण अफ्रीकी टीम को एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था वहीं टीम इंडिया को दो मुकाबलों में हार मिली थी। टीम इंडिया ने उनमें से एक ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दूसरे सेमीफाइनल में 5 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करके दिखा दिया है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के रूप में उसके सामने अंतिम बाधा है। अगर इस बाधा को टीम इंडिया पार कर लेती है तो किसी भी फॉर्मेट में महिला टीम के सिर पर वर्ल्ड चैंपियन का ताज सज जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article