क्रिकेट

IND W vs NEP W Highlights: नेपाल को हराकर भारतीय महिला टीम ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

IND W vs NEP W Highlights: भारत ने नेपाल को हराकर एशिया कप में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। ग्रुप ए के आखिरी लीग मुकाबले में उसने नेपाल को हरा दिया। जीत में सबसे बड़ा योगदान शेफाली वर्मा का रहा जिन्होंने 81 रन की पारी खेली।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (साभार-ACC)

IND W vs NEP W Highlights: भारत ने एशिया कप के ग्रुप ए के आखिरी लीग मुकाबले में नेपाल को 82 रन से हरा दिया। नेपाल के सामने जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल की टीम निर्धारित ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 96 रन ही बना पाई। भारत की यह लगातार तीसरी जीत है और उसने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत की ओर से अरुधंती रेड्डी और राधा यादव ने 2-2 विकेट चटकाए जबकि सर्वाधिक 3 विकेट दीप्ति शर्मा के खाते में आए। नेपाल की ओर से 18 रन की पारी सीता राणा मागर ने खेली।

इससे पहले भारतीय कप्तान मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की 48 गेंद में 81 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर भारत ने टूर्नामेंट के अपने आखिरी ग्रुप मैच में नेपाल के खिलाफ तीन विकेट पर 178 रन बनाए। शेफाली ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाने के अलावा डी हेमलता के साथ पहले विकेट के लिए 84 गेंद में 122 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरूआत दिलायी। हेमलता ने 42 गेंद की पारी में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन का योगदान दिया।

आखिरी ओवरों में जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंद में पांच चौके की मदद से नाबाद 28 रन की पारी खेली। नेपाल के लिए सीता राणा मागर ने दो और कविता जोशी ने एक विकेट लिया। भारतीय टीम ने इस मैच में नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और हरफनमौला पूजा वस्त्राकर को विश्राम दिया। शेफाली वर्मा के साथ मैच में टीम की अगुवाई कर रही स्मृति मंधाना की जगह हेमलता ने भारतीय पारी का आगाज किया।

शेफाली ने पहले ओवर में कविता कुंवर और चौथे ओवर में शबनम राय के खिलाफ दो-दो चौके जड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

दूसरे छोर से संभल कर खेल रही हेमलता ने पूजा महतो के खिलाफ दर्शनीय चौका जड़ आत्मविश्वास हासिल किया। भारतीय टीम ने छठे ओवर में रनों का अर्धशतक पूरा किया। शेफाली ने अगले ओवर में रुबीना छेत्री के खिलाफ छक्का और चौका लगाया तो वहीं हेमलता ने आठवें ओवर में कविता जोशी के खिलाफ ऐसा किया। शेफाली ने इसी ओवर में चौका जड़ने के बाद एक रन के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

शेफाली जहां नेपाल की गेंदबाजों के खिलाफ मन मुताबिक रन जुटा रही थी तो वहीं हेमलता को गैप ढूंढने में परेशानी हो रही थी। सीता राणा ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर हेमलता को आउट कर नेपाल को पहली सफलता दिलायी। उनके अगले ओवर में आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में शेफाली भी स्टंप हो गयी। वस्त्राकर की जगह टीम में आयी संजना संजीवन कुछ खास नहीं कर सकी और 12 गेंद में 10 रन बनाकर कविता जोशी का शिकार बन गयी। जेमिमा ने आखिरी ओवर में तीन चौके जड़कर टीम को 180 रन के करीब पहुंचाया।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article