क्रिकेट

IND vs SL: इन 5 कारणों से खास होगा टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा

IND vs SL: टीम इंडिया का जिम्बाब्वे दौरा खत्म हो गया है। अब टीम 10 दिन से ज्यादा के ब्रेक के बाद एक्शन में नजर आएगी। इस बार टीम इंडिया, श्रीलंका का दौरा करेगी जिसकी शुरुआत 3 टी20 मैच की सीरीज से होगी।

Image

भारत-श्रीलंका सीरीज (साभार -BCCI/SL)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत का श्रीलंका दौरा 27 जुलाई से होगा
  • इस दौरे पर 3-3 मैच की वनडे और टी20 सीरीज होगी
  • गौतम गंभीर के लिए कोच के तौर पर पहला असाइनमेंट

IND vs SL: भारतीय युवा टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज 4-1 से जीत ली। अब टीम इंडिया 10 दिनों से ज्यादा के ब्रेक के बाद दोबारा एक्शन में नजर आएगी। इस बार टीम इंडिया श्रीलंका का दौरा करेगी जहां वह 3-3 मैच की टी20 और वनडे सीरीज खेलेगी। भारत का यह दौरा तीन टी20 मैचों से शुरू होगा, जो 27, 28 और 30 जुलाई को खेले जाएंगे। तीन टी20 मैचों के बाद, दोनों टीमें 2, 4 और 7 अगस्त को तीन वनडे मैचों में आमने-सामने होंगी।

बीसीसीआई जल्द ही इस सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर सकती है। फैंस को इस घोषणा का बेसब्री से इंतजार है। हाल के दिनों में इस सीरीज को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आई है उसको देखते हुए कहा जा सकता है कि टीम इंडिया का यह दौरा बेहद खास होने वाला है। आइए नजर डालते हैं उन 5 कारणों पर जिनकी वजह से यह दौरा बन गया है खास।

1. रोहित, विराट और बुमराह नहीं

इंडियन एक्सप्रेस के एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली इस दौरे के लिए श्रीलंका नहीं जाएंगे। उन्हें इस दौरे से आराम दिया जाएगा। ये तीनों खिलाड़ी बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे।

2. केएल राहुल करेंगे वनडे में कप्तानी

इंडिया टुडे के एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित की गैर मौजूदगी में केएल राहुल वनडे टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। उन्होंने दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम की कप्तानी की थी। हार्दिक पांड्या को वनडे सीरीज के लिए उप-कप्तान बनाया जा सकता है।

3. हार्दिक पांड्या करेंगे टी20 में कप्तानी

टी20 में हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर कोई संदेह नहीं है और वह इस फॉर्मेंट में कमान संभालने के लिए तैयार हैं। हार्दिक 2024 टी20 विश्व कप में उप-कप्तान थे। ऐसा लग रहा था कि वह 2023 में भारत के पूर्णकालिक टी20 कप्तान बनेंगे, लेकिन रोहित ने जनवरी 2024 में वापसी की और अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बने।

4. बतौर कोच गौतम गंभीर का पहला दौरा

गौतम गंभीर को बीते 9 जुलाई को टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। इस दौरे के साथ वह अपना कार्यकाल शुरू करेंगे। वे जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए। वह टीम इंडिया के साथ दिसंबर 2027 तक जुड़े रहेंगे।

5. श्रेयस अय्यर की वापसी

वर्ल्ड कप के बाद से टीम से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर की इस दौरे पर वापसी लगभग तय है। श्रेयस वापसी के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। इसके अलावा ईशान किशन को भी कंसिडर किया जा सकता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article