क्रिकेट

IND vs NZ T20 Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वॉशिंगटन सुंदर और तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट का ऐलान

बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के लिए तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। जानिए टी20 विश्व कप से ठीक पहले किन खिलाड़ियों को मिला मौका?

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट PTI)

नई दिल्ली: लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई को शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चोटिल ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की जगह शामिल किया गया। वॉशिंगटन 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए टीम में शामिल किया गया है क्योंकि तिलक वर्मा कमर की मांसपेशियों में खिंचाव (साइड स्ट्रेन) के कारण बाहर हो गए हैं।

रवि बिश्नोई और श्रेयस अय्यर की हुई वापसी

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान में कहा, 'ऑलराउंडर (वॉशिंगटन) न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी आईडीएफसी फर्स्ट बैंक टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। पुरुष चयन समिति ने रवि बिश्नोई को उनके स्थान पर नामित किया है।' बिश्नोई ने 42 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 61 विकेट लिए हैं जिनमें से आखिरी मैच फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। बीसीसीआई ने कहा, वॉशिंगटन सुंदर ने 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय पसली के क्षेत्र में तेज दर्द की शिकायत की थी जिसके बाद उनका स्कैन कराया गया।'

सेंटर ऑफ एक्सिलेंस जाएंगे वॉशिंगटन सुंदर

वॉशिंगटन अब ठीक होने के लिए बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ जाएंगे। इसमें कहा गया, इसके बाद एक विशेषज्ञ से व्यक्तिगत रूप से सलाह ली गई। उन्हें ‘साइड स्ट्रेन’ का पता चला है और उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है जिसके बाद वह अपनी चोट के आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे।'

भारत की अपडेट हुई टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम इस प्रकार है:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article