क्रिकेट

IND vs IRE 1st T20I: आज होगा टी20 सीरीज का आगाज, टीम इंडिया के सामने सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में फिट करने की चुनौती

भारत और आयरलैंड के बीच दो मैच की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बेलफास्ट में शुक्रवार को खेला जाएगा। मैच में सबकी नज़रें वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर टिकी हैं। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारत बनाम आयरलैंड, पहला वनडे, मैच प्रीव्यू

बेलफास्ट: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत जब आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को शुरू होने वाली दो मैचों की श्रृंखला के पहले मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने नए युग की शुरुआत करेगा तो उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती क्रिकेट जगत की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में फिट करना होगा। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके दम पर उन्होंने सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। उन्होंने हाल में श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में 29 गेंद पर 94 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करता देखना चाहते हैं क्रिकेट प्रेमी

आम क्रिकेट प्रेमी यही चाहता है कि सूर्यवंशी को इस मैच में मौका मिले लेकिन टीम प्रबंधन के लिए यह काम आसान नहीं होगा। भारत के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन हैं। उनके टी20 रिकॉर्ड को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्च में आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में मिली जीत में सैमसन, अभिषेक और किशन ने अर्धशतक बनाए थे। इसके बाद भारत ने सबसे छोटे प्रारूप में कोई मैच नहीं खेला है।

वैभव को मौका देने के लिए करना होगा टॉप ऑर्डर में बदलाव

टीम प्रबंधन अगर सूर्यवंशी को सलामी बल्लेबाज के रूप में शामिल करता है तो फिर सैमसन या अभिषेक में से किसी एक को या तो बल्लेबाजी क्रम नीचे खेलना होगा या टीम से बाहर होना पड़ेगा। विश्व कप खिताब जीतने के बाद यह कठोर कदम होगा। टीम प्रबंधन सैमसन को मध्य क्रम में भेज सकता है, क्योंकि वह पहले भी चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके हैं। लेकिन अब उन स्थान पर कप्तान अय्यर और उप-कप्तान तिलक वर्मा खेलेंगे और ऐसे में छठे नंबर पर ही जगह ही खाली रह जाएगी।

यह स्थान भी पारंपरिक रूप से ऑलराउंडर के लिए रखा जाता है तथा भारत के पास शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और सूर्यांश शेडगे के रूप में कई विकल्प मौजूद हैं। सैमसन को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतारने से भारत को केवल पांच गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती की अनुपस्थिति में यह विभाग पहले से ही कमजोर नजर आता है।

ऐसा रहा है बल्लेबाजों का प्रदर्शन

सैमसन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 28 पारियों में 926 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 181.93 है। तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर उनका स्ट्राइक रेट क्रमशः 121, 129 और 127 है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 43 पारियों में दो शतक और 10 अर्धशतकों की मदद से 1414 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 192.38 है, जो बेहद प्रभावशाली है। आईपीएल 2026 में अभिषेक (563), किशन (602) और सैमसन (477) का प्रदर्शन भी शानदार रहा। किशन ने हाल ही में लखनऊ में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 125 रन भी बनाए थे।

गौतम गंभीर करेंगे अंतिम फैसला

इसलिए मुख्य कोच गौतम गंभीर और अय्यर को इस पर गंभीरता से विचार करना होगा कि क्या सूर्यवंशी को पदार्पण का मौका दिया जाए या फिलहाल विजयी संयोजन को बरकरार रखा जाए। लेकिन सूर्यवंशी की मौजूदगी से सैमसन और अभिषेक पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ेगा। अय्यर पूर्णकालिक कप्तान के रूप में शुरुआत करेंगे। आईपीएल में उनका कप्तानी का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 में खिताब जीता था जबकि एक साल बाद पंजाब किंग्स ने उनकी कप्तानी में फाइनल में जगह बनाई थी।

भारत के पास है युवा गेंदबाजी आक्रमण

गेंदबाजी में भारत के पास दूसरी पंक्ति के गेंदबाज हैं, लेकिन यह श्रृंखला और इंग्लैंड के खिलाफ अगली श्रृंखला में उनके पास अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मौका होगा। हर्षित राणा की चोट से वापसी ने भारत को तेज गेंदबाजी इकाई में अधिक विकल्प जोड़ दिए हैं, लेकिन उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। प्रसिद्ध और प्रिंस दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं। दूसरी ओर आयरलैंड को जोश लिटिल, मार्क एडायर, पॉल स्टर्लिंग और कर्टिस कैम्फर की कमी खलेगी जो चोटिल होने के कारण इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। उनके पास लोरकान टकर के रूप में नया कप्तान है। उनके अलावा उसे जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर और भारतीय मूल के जय मूंदरा से अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारतीय क्रिकेट टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।

आयरलैंड क्रिकेट टीम:

लोरकान टकर (कप्तान), रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहनी, मैथ्यू हम्फ्रीज़, गैविन होए, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंदरा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, रूबेन विल्सन।

मैच भारतीय समयानुसार शाम छह बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article