क्रिकेट

दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज ने कहा, विश्व कप में टीम इंडिया को खलेगी बुमराह की कमी

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 30, 2022, 08:49 PM IST

Jasprit Bumrah's Injury: आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज जोश हेजलवुड ने जसप्रीत बुमराह के आगामी टी20 विश्व कप से चोट की वजह से बाहर होने के टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका बताया है। उन्होंने कहा है कि टीम इंडिया को निश्चित तौर पर उनकी कमी खलेगी।

Image

Jasprit-Bumrah-vs-Australia

सिडनी: जसप्रीत बुमराह के चोटिल होकर टी20 विश्व कप 2022 से बाहर होने की खबर आग की तरह क्रिकेट के गलियारों में गुरुवार को फैल गई। हालांकि इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि अबतक बीसीसीआई ने नहीं की है। यह टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के लिए दूसरा बड़ा झटका है। रवींद्र जडेजा पहले ही चोट की वजह से टीम से बाहर हो चुके हैं। इन दो दिग्गज खिलाड़ियों के बगैर टीम इंडिया के लिए आईसीसी खिताब का सूखा खत्म करना मुश्किल नजर आ रहा है।

टीम इंडिया को खलेगी बुमराह की कमी

ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने बुमराह के चोट की वजह से टी20 विश्व कप से बाहर होने को करारा झटका करार दिया है। हेजलवुड ने कहा है कि बुमराह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज हैं और उनकी कमी निश्चित तौर पर भारतीय टीम को विश्व कप के दौरान खलेगी।दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज हेजलवुड ने कहा, मेरी नजर नें बुनराह टी20 में दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज हैं। उन्हें आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करते देखना शानदार अनुभव है। भारत के खिलाफ हालिया सीरीज में उन्होंने कुछ शानदार यॉर्कर गेंदें फेंकी थीं। उनका गति में परिवर्तन शानदार है। निश्चित तौर पर भारतीय टीम को उनकी कमी खलेगी।'

बीसीसीआई की पुष्टि का है इंतजार

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में बुमराह फिटनेस की वजह से नहीं खेले थे। इसके बाद नागपुर और हैदराबाद में वो मैदान पर उतरे। नागपुर में कंगारुओं के खिलाफ 8 ओवर के मुकाबले में 2 ओवर में बुमराह ने 23 रन दिए लेकिन अपनी सटीक यॉर्कर के जरिए अपनी वापसी का ऐलान कर दिया था। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 से पहले बीसीसीआई ने ट्वीट कर बताया कि बुमराह ने पीठ में दर्द की शिकायत की है और वो द. अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 से बाहर हो गए हैं। लेकिन बाद में वो द. अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से भी बाहर हो गए।

कहां लगी है बुमराह के चोट

जसप्रीत बुमराह के टीम से बाहर होने की वजह पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर है। स्ट्रेस फ्रेक्चर में हड्डियों के बीच एक छोटी से दरार हो जाती है। हालांकि यह समस्या खिलाड़ियों में आम है लेकिन इस पर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह स्ट्रेस फ्रैक्चर में तब्दील हो सकता है। ये स्थिति थोड़ी गंभीर होती है। स्ट्रेस फ्रैक्चर से निपटने लिए सामान्यत: किसी सर्जरी की जरूरत नहीं होती लेकिन इससे उबरने में लंबा वक्त लग सकता है। इसका सबसे अच्छा इलाज आराम करना है। विशेषज्ञों की निगरानी में एक्सरसाइज और रिहैब लंबे समय तक चलता है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article