क्रिकेट

IND vs SA 3rd ODI: निर्णायक मुकाबले से पहले मैथ्यू ब्रीट्जके ने बताया कौन से खिलाड़ी बने वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के लिए वरदान

दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ युवा बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले बताया है उनकी टीम की पलड़ा इस मुकाबले में क्यों है भारी? कौन से खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के लिए सीरीज में वरदान साबित हुए हैं।

Image

मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसेन

Photo : AP

विशाखापट्टनम: दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके इस बात को अच्छी तरह से समझते हैं कि भारत शनिवार को विशाखापट्टनम में होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में उनकी टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा लेकिन उन्हें इससे पार पाने के लिए अपनी संतुलित बल्लेबाजी पर भरोसा है। तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर है और भारत को दक्षिण अफ्रीका से लगातार दूसरी श्रृंखला में पराजय से बचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इससे पहले टेस्ट श्रृंखला में उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

मिडिल और लोअर ऑर्डर ने दिया है टीम को संतुलन

ब्रीट्जके ने तीसरे वनडे की पूर्व संध्या पर कहा,'हम जानते हैं कि हमें एक बहुत अच्छी टीम का सामना करना होगा। हमें पता है कि वह जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह एक ऐसा मैच है जिसमें दोनों टीम के लिए जीत हासिल करना जरूरी है इसलिए यह एक बहुत अच्छा मुकाबला होने वाला है।' इस 27 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि पिछले दो मैचों में दक्षिण अफ्रीका के मध्य और निचले क्रम ने अच्छा प्रदर्शन करके टीम की बल्लेबाजी को संतुलन प्रदान किया है जो कि उनकी टीम का मजबूत पक्ष बन गया है।

यानसेन और बॉश जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी साबित हुई है वरदान

दक्षिण अफ्रीका के लिए निचले क्रम में मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी वरदान साबित हुई। ब्रीट्जके ने कहा,'हमारी टीम में अच्छा संतुलन है। हमारे निचले क्रम में कुछ खिलाड़ी अच्छे बल्लेबाज हैं। हमारे पास (डेवाल्ड) ब्रेविस, यानसेन और कॉर्बिन जैसे खिलाड़ी हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे के पूरक हैं। अभी हमारे बल्लेबाज आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और हमें कल फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा।'

इस वजह से सहज तरीक से खेल पा रहे हैं टॉप ऑर्डर के बैटर

ब्रीट्जके ने कहा कि पावर-हिटर्स की मौजूदगी से शीर्ष क्रम के बल्लेबाज सहज होकर खेल सकते हैं। उन्होंने कहा,'इससे हमारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को आत्मविश्वास मिलता है क्योंकि उन्हें पता है कि हमारे निचले क्रम में यानसेन और बॉश हैं। इससे हमारे बल्लेबाज थोड़ा सहज होकर खेल सकते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि टीम के निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाज हैं।'

पाकिस्तान दौरे से मिली चौथे नंबर पर बैटिंग के लिए ढलने में मदद

ब्रीट्जके ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान दौरे से उन्हें चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की नई भूमिका के अनुकूल ढलने में मदद मिली। उन्होंने कहा,'निश्चित तौर पर इससे मदद मिली। मुझे लगता है कि पाकिस्तान में हालात काफी अलग थे, लेकिन जाहिर है कि अब मुझे चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने का ज्यादा अनुभव है। अब मैं इस नंबर पर थोड़ा ज्यादा सहज महसूस करने लगा हूं। उम्मीद है कि मैं आगे इस नंबर पर खेलते हुए और बेहतर प्रदर्शन करूंगा।'

लक्ष्य का बचाव करने के लिए दक्षिण अफ्रीका है तैयार

ब्रीट्जके ने कहा कि यदि उन्हें पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी तो दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसी स्थिति से निपटने की योजना है। उन्होंने कहा,'हमने देखा है कि ओस ने (पहले दो मैचों में) बड़ी भूमिका निभाई है। निश्चित तौर पर बाद में बल्लेबाजी करने का हमें फायदा मिला लेकिन अगर हमें पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी तो हम इसके लिए योजना तैयार करेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article