स्पोर्ट्स

पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर स्क्वाश एकल के फाइनल में पहुंचे अभय, भारत के लिए एक और मेडल पक्का

Asian Games 2026: अभय ने पहला गेम 11-3 से आसानी से जीत लिया। उन्होंने शुरुआत में ही 6-2 की बढ़त बना ली थी, जिससे इरफान दबाव में आ गए। दूसरे गेम में पाकिस्तान के इरफान ने वापसी की कोशिश की और अभय को कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने संयम नहीं खोया।

Image

अभय सिंह (फोटो साभार- @India_AllSports/@Media_SAI)

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्क्वाश खिलाड़ियों का जलवा जारी है। युवा सनसनी अनाहत सिंह के बाद अब अभय सिंह ने भी फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अभय ने शनिवार को पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इरफान को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हराकर भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है। अभय सिंह ने सेमीफाइनल में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। महज 35 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी ने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया।

अभय ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को दी मात

अभय ने पहला गेम 11-3 से आसानी से जीत लिया। उन्होंने शुरुआत में ही 6-2 की बढ़त बना ली थी, जिससे इरफान दबाव में आ गए। दूसरे गेम में पाकिस्तान के इरफान ने वापसी की कोशिश की और अभय को कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने संयम नहीं खोया। यह गेम काफी करीबी रहा, लेकिन अभय ने 12-10 से इसे अपने नाम कर 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली। तीसरे गेम में अभय ने फिर से अपनी लय हासिल कर ली और 11-6 से गेम जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। फाइनल स्कोर 11-3, 12-10, 11-6 रहा।

अनाहत सिंह भी पहुंचीं फाइनल में

अभय की इस जीत से पहले भारत को महिला एकल में भी बड़ी खुशखबरी मिली थी। 18 साल की अनाहत सिंह ने जापान की विश्व नंबर-6 सतोमी वातानाबे को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। अनाहत ने 0-2 से पिछड़ने के बाद 9-11, 11-13, 12-10, 11-6, 11-3 से अविश्वसनीय वापसी की थी। इस मैच में अनाहत का सिर जापानी खिलाड़ी के कंधे से टकरा गया था, जिससे मैच कुछ देर रोकना पड़ा था, लेकिन चोट के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। मिश्रित युगल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की अनुभवी जोड़ी को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हांगकांग के तांग मिंग हांग और ली का यी ने भारतीय जोड़ी को 2-1 (10-11, 11-2, 10-11) से हराया। भारतीय जोड़ी को इस हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article