IND vs NZ, third T20I, Match Highlights: भारत ने शुभमन गिल के टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहले (नाबाद 126 रन) शतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम मैच में न्यूजीलैंड को 168 रन से हराकर रनों के हिसाब से इस प्रारूप में सबसे बड़ी जीत दर्ज कर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
टीम इंडिया ने तोड़ा 5 साल पुराना रिकॉर्ड
भारत ने इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत आयरलैंड के खिलाफ (143 रन से) 2018 में डबलिन में हासिल की थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के दो पूर्णकालिक देशों के बीच रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है।गिल ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को चारों ओर पीटते हुए अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने महज 63 गेंद में 12 चौके और सात छक्के जमाये जिससे भारत ने चार विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गिल ने खेली भारत के लिए सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय टी20 पारी
गिल का भारतीय बल्लेबाजों में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे बड़ा स्कोर भी है। गिल ने इस मामले में पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ा। कोहली ने पिछले साल अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन की पारी खेली थी। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 12.1 ओवर में 66 रन ही बना सकी। उसके लिये डेरिल मिचेल 35 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। केवल एक अन्य बल्लेबाज मिचेल सैंटनर (13 रन) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।हार्दिक ने बरपाया कहर, झटके चार विकेट
भारत के लिये कप्तान और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (16 रन देकर चार विकेट) ने अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया। उनके अलावा अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी ने दो दो विकेट झटके। गेंदबाजों का क्षेत्ररक्षकों ने भी पूरा साथ दिया और कैच करने के किसी भी मौके को बर्बाद नहीं किया जिसमें सूर्यकुमार यादव ने तीन कैच लपके।पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड ने गंवाया विकेटन्यूजीलैंड को शुरुआती झटका पहले ही ओवर में लगा जब सलामी बल्लेबाज फिन एलेन भारतीय कप्तान हार्दिक की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने शानदार कैच लपक लिया। अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में डेवोन कॉनवे और मार्क चैपमैन को आउट कर न्यूजीलैंड को दो झटके दे दिये जिससे उसका स्कोर तीन विकेट पर पांच रन था। अब टीम की उम्मीदें ग्लेन फिलिप्स (02 रन) पर लगी थीं लेकिन वह भी टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके और तीसरे ओवर में हार्दिक का दूसरा शिकार हुए।
उमरान मलिक ने उड़ाई ब्रेसवेल की गिल्लियांउमरान मलिक ने अपने पहले ही ओवर में माइकल ब्रेसवेल (08) को बोल्ड कर दिया जिससे पांचवें ओवर में 21 रन पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। शिवम मावी ने अपने पहले ही ओवर में मिचेल सैंटनर (13) और ईश सोढ़ी को चलता किया।
फिर हार्दिक ने लॉकी फर्ग्यूसन और ब्लेयर टिकनर को आउट कर अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया। उमरान मलिक के ब्रेसवेल को आउट करते ही भारतीय टीम ने रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
खराब रही थी टीम इंडिया की शुरुआत, ईशान किशन टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत इतनी अच्छी नहीं रही और मिचेल सैंटनर ने माइकल ब्रेसवेल को दूसरा ओवर देकर ‘मास्टर स्ट्रोक’ खेला। इस ऑफ स्पिनर ने भी अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरते हुए ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान किशन को पगबाधा आउट कर दिया। फॉर्म में चल रहे गिल ने अगले ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन पर दो चौके जड़े। उन्होंने हिट, ड्राइव और पुल शॉट से दर्शकों के लिये मनोरंजन दोगुना कर दिया। गिल ने पांचवें ओवर में ब्लेयर टिकनर पर तीन चौके जड़े जिससे स्कोर एक विकेट पर 44 रन हो गया।
